चाईबासा : चाईबासा के गुदड़ी प्रखंड के बुरूगुलीकेरा गांव में हुए नरसंहार मामले में 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें पत्थलगड़ी नेता और पूर्व मुखिया के पति राणसी बूढ़ और ग्रामीण मुंडा सुखराम बूढ़ भी शामिल है। बुरूगुलीकेरा गांव में 19 जनवरी को पत्थलगड़ी समर्थकों ने ग्रामसभा कर पत्थलगड़ी विरोधी उपमुखिया जेम्स बूढ़ समेत 7 ग्रामीणों की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद गांव के पास जंगल में ले जाकर सातों के गले काटकर सिर धड़ से अलग कर फेंक दिए थे।
एसपी इंद्रजीत महथा ने बताया कि अब तक 15 लोग गिरफ्तार किये गये हैं, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कहा, अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा। गिरफ्तार आरोपियों के नाम पूछे जाने पर एसपी ने सुरक्षा कारणों व जांच प्रभावित होने का हवाला देते हुए बताने से इंकार कर दिया।
पुलिस ने 22 जनवरी बुधवार को सातों शवों को बरामद किए। मामले में पूर्व मुखिया के पति राणसी बूढ़, जितेंद्र बूढ़ और कोंजे बूढ़ को हिरासत में ले लिया था। इन तीनों आरोपियों और मरने वालों के परिजन से पूछताछ के बाद पुलिस ने शुक्रवार को अन्य 12 आरोपियों को हिरासत में लिया था। इन 12 आरोपियों को पुलिस ने सोनुआ थाना में रखा था। जबकि पूर्व मुखिया पति राणसी बूढ़, जितेंद्र बूढ़ और कोंजे बूढ़ को अन्य जगह रखा गया था। रविवार को 12 आरोपियों को दोपहर के बाद करीब साढ़े तीन बजे सोनुआ थाना से पुलिस चाईबासा ले गयी।
सदर अस्पताल में मेडिकल और कोर्ट में पेशी के बाद भेजा जेल
बुरूगुलीकेरा नरसंहार मामले में अब तक गिरफ्तार 15 आरोपियों का चाईबासा सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इन सभी को गुदड़ी थाना दर्ज हत्या के संबंधित मामलों के तहत गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार सभी अभियुक्त बुरुगुलीकेरा गांव के हैं।
इन्हें बनाया गया नामजद
सुखराम बुढ़, राणसी बुढ़, प्रभु सहाय टोपनो, मानव बुढ़, मानसुख बुढ़, जीतेन्द्र बुढ़, साधो बुढ़, कोणे बुढ़ (सभी निवासी बुरूगुलीकेरा), बिरजा बरजो (कोनसाय), मिकेल चाम्पिया (लामडार), एतवा भेंगरा (जोरो), मतीय चाम्पिया (बुरूकायम वर्तमान कौजूल), जयसिंह बुढ़, बुधवा मुंडा (बुरुगुलीकेरा)।