रांची। झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष आदित्य विक्रम जायसवाल ने केंद्र सरकार के कृषि कानून के विरोध में बुधवार को प्रस्तावित काला दिवस का समर्थन करते हुए कार्यक्रम आयोजित किया। भारी बारिश के बावजूद केंद्र सरकार के कृषि कानून के खिलाफ प्रोफेशनल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त विरोध जताया। इस अवसर पर प्रोफेशनल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने काला बिल्ला व काला झंडा लगाकर छह माह से आंदोलनरत किसान भाईयों को व्यापक समर्थन दिया तथा केंद्र सरकार से कृषि कानून वापस लिए जाने की मांग भी की।
झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि केन्द्र के भाजपा सरकार की हठधर्मिता के कारण आज पूरा देश तबाह है। देश की प्रगति में राज्यों की सहमति का होना बेहद जरूरी है। राज्यों के सहयोग व समर्थन के बगैर देश का चहुंमुखी विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की गलत नीतियों व उनकी कार्यशैली को देश की जनता व देश के अन्नदाता स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं।
श्री जायसवाल ने कहा कि छह माह के कृषि आंदोलन के दौरान 200 किसानों की शहादत हो चुकी है। इसके बावजूद भी केन्द्र सरकार की कानों पर जूं नहीं रेंग रहा है। श्री जायसवाल ने कहा कि भाजपा सरकार अपने पूंजीपति दोस्तों को फायदा पहुंचाने के लिए बिना राज्यों की सहमति के लोकसभा व राज्यसभा से बिल पास कराया है। इस कानून को लेकर राज्यों से कोई सहमति नहीं है। देश के अन्नदाता और प्रोफेशनल कांग्रेस इस काले कानून का विरोध करती रहेगी। उन्होंने केंद्र की सरकार से तीनों काला कानून वापस लेने की मांग की है और किसानों के लिए पहले की तरह जो नियम थे उसे बरकरार रखने की मांग की।
कार्यक्रम में अमरजीत सिंह,राजीव चौरसिया ,गौरव आनंद ,महेश कुमार, अंकित कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
कृषि कानूनों के विरुद्ध प्रोफेशनल कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, मोदी सरकार जनविरोधी : आदित्य विक्रम जायसवाल
Sourceनवल किशोर सिंह