रांची : कोरोना से संक्रमित गर्भवती महिला की भी सुरक्षित डिलीवरी हो सकती है। वह प्रसव के बाद अपने बच्चे को स्तनपान भी करा सकती है। इससे उनके बच्चे पर कोई असर नहीं पड़ेगा। लेकिन कुछ सावधानी बरतनी जरूरी है। उक्त बातें होपवेल अस्पताल की निदेशक प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नेहा अली ने कही। डॉ. नेहा ने कहा कि एक गर्भवती महिला जो कोविड संक्रमित हो जाती है, तो निश्चित रूप से उसके बच्चे की प्रसव में खतरा बढ़ जाता है। लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। नवजात संक्रमण से बच सकता है और मां सुरक्षित रह सकती है। प्रसव के बाद भी मां अपने बच्चे को स्तनपान करा सकती है। लेकिन सावधानी बरतते हुए। स्तनपान कराते समय अपने चेहरे को मास्क से ढक लें, स्तनपान कराने से पहले अपने स्तनों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें, अपने हाथों को साफ करें या साबुन से धोएं और स्तनपान के बाद बच्चे को मां से दूर रखें। इससे बच्चे प्रभावित नहीं होंगे। डॉ. नेहा अली का कहना है कि कई बार प्रभावित महिलाएं गर्भावस्था के दौरान अस्पताल जाने से बचती हैं। कई गर्भवती महिलाएं उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पीड़ित होती हैं। कुछ का कई बार गर्भपात हो चुका होता है। ऐसे में उन्हें स्वास्थ्य जांच के लिए नियमित रूप से अस्पताल या डॉक्टर के संपर्क में रहना चाहिए। डॉक्टर को दिखाने में जरा सा भी संकोच नहीं करना चाहिए। गर्भावस्था के दौरान इस बात का ध्यान रखें कि गर्भवती महिलाएं कम से कम लोगों से मिले। घर के बाहर हर समय मास्क पहनें। इसका खास ख्याल रखें। बार-बार हाथ धोएं। क्योंकि गर्भावस्था के दौरान शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है। इसलिए खुद को कोरोना से संक्रमित होने से बचाएं। ऐसे मामले के लिए होपवेल अस्पताल में विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां सेफ डिलीवरी (सुरक्षित प्रसव) होती है।