रांची। भाजपा सांसद संजय सेठ और रांची नगर निगम के डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय कोकर डिस्टिलरी पुल स्थित स्व. शिवनारायण जायसवाल के आवास पर पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात की। श्री सेठ और श्री विजयवर्गीय ने रांची के प्रथम मेयर रहे शिवनारायण जायसवाल और उनके पुत्र ओमियो रंजन जायसवाल (सामाजिक कार्यकर्ता) के निधन पर शोक व्यक्त किया। शोक संदेश में सांसद व डिप्टी मेयर ने संयुक्त रूप से कहा कि राजघराने से ताल्लुकात रखने के बावजूद स्व. शिवनारायण जायसवाल जीवन पर्यंत समाजसेवा के प्रति समर्पित रहे। उनका पूरा जीवनकाल प्रेरणास्रोत है। रांची के प्रथम मेयर के रूप में स्व.जायसवाल का कार्यकाल स्वर्णाक्षरों में वर्णित है। वहीं, उनके पुत्र और शहर के जाने-माने समाजसेवी ओमियो रंजन जायसवाल के असामयिक निधन पर भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इससे समाज को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।
गौरतलब है कि श्री सेठ और श्री विजयवर्गीय जायसवाल परिवार के काफी निकटतम पारिवारिक मित्रों में से हैं। दोनों ने इस दुख की घड़ी में दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिजनों को संबल प्रदान करने की ईश्वर से कामना की। सांसद व डिप्टी मेयर ने स्व.जायसवाल के ज्येष्ठ पुत्र मनोरंजन जायसवाल, पौत्र आदित्य विक्रम जायसवाल (अध्यक्ष, झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस) सहित अन्य परिजनों को ढाढस बंधाया।
सांसद संजय सेठ और उप महापौर संजीव विजयवर्गीय मिले स्व.शिवनारायण जायसवाल के परिजनों से
Sourceनवल किशोर सिंह