पटना/जहानाबाद : उत्तरप्रदेश के एएमयू में राष्ट्रविरोधी भाषण देने वाला आरोपी जेएनयू के छात्र शर्जील इमाम की गिरफ्तारी के लिए जहानाबाद स्थित पैतृक गांव पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। बाद में पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। हिरासत में लिए गए लोग शर्जील के रिश्तेदार बताये जा रहे हैं। पुलिस को घर से शर्जील नहीं मिला। पुलिस लगातार JNU छात्र शर्जील इमाम की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। वहीं शरजील इमाम के चाचा ने बताया कि मेरा भतीजा ऐसा कोई भड़काऊ बयान नहीं दिया जिससे पुलिस उसको खोज रही है। हम हिंदुस्तानी है और हमारा हक है हम अपने हक के लिए अपना बात रख सकते हैं हम हिंदुस्तानी और हिंदुस्तान में ही रहेंगे।
इस संबंध में जहानाबाद एसपी मनीष कुमार ने बताया कि केन्द्रीय एजेंसियों ने शरजील के घर छापेमारी के लिए सहयोग मांगा था। जहानाबाद पुलिस के सहयोग से काको स्थित उसके पैतृक घर पर छापेमारी की गई।
शर्जील के खिलाफ तीन राज्यों में केस दर्ज
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में गत 16 जनवरी को राष्ट्रविरोधी भाषण देने के आरोप में जेएनयू के छात्र शर्जील इमाम के खिलाफ शनिवार को देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया। इसमें वह भारत को असम से अलग करने के बारे में बोल रहा है। इस बयान के बाद शर्जील के खिलाफ अलीगढ़, असम और दिल्ली में भी केस दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश कुलहरि ने यहां बताया कि जेएनयू के छात्र शर्जील इमाम का एक वीडियो शुक्रवार रात से सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
जेएनयू के छात्र शर्जील इमाम ने 16 जनवरी को एएमयू में सभा के दौरान कहा था की क्या आप जानते हैं कि असमिया मुसलमानों के साथ क्या हो रहा है? एनआरसी पहले से ही वहां लागू है, उन्हें हिरासत में रखा गया है। आगे चलकर हमें यह भी पता चल सकता है कि 6- 8 महीने में सभी बंगालियों को मार दिया गया। हिंदू हों या मुस्लिम। अगर हम असम की मदद करना चाहते हैं, तो हमें भारतीय सेना और अन्य आपूर्ति के लिए असम का रास्ता रोकना होगा। ‘चिकन नेक’ मुसलमानों का है। अगर हम सभी एक साथ आते हैं, तो हम भारत से पूर्वोत्तर को अलग कर सकते हैं। यदि हम इसे स्थायी रूप से नहीं कर सकते, तो कम से कम 1-2 महीने के लिए हम ऐसा कर सकते हैं। यह हमारी जिम्मेदारी है कि भारत से असम को काट दें। जब ऐसा होगा, उसके बाद ही सरकार हमारी बात सुनेगी।’’ चिकन नेक 22 किमी का हाईवे है, जो पूर्वोत्तर राज्यों को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ता है।