रांची। कांग्रेस की छात्र संगठन इकाई एनएसयूआई और ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस द्वारा शुक्रवार को राजधानी स्थित रोस्पा टावर में रांची के प्रथम मेयर शिवनारायण जायसवाल के निधन पर शोकसभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर स्व.शिव नारायण जायसवाल के प्रथम पौत्र झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस के अध्यक्ष आदित्य विक्रम जायसवाल भी उपस्थित थे। शोक सभा में उपस्थित सदस्यों ने स्व.शिवनारायण जायसवाल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित किया तथा दो मिनट मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
इसके बाद एआईपीसी, एनएसयूआई व सामाजिक संस्था चैरिटबल चार्म्स के संयुक्त तत्वावधान में स्व. शिवनारायण जायसवाल की स्मृति में किन्नर समाज के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। मौके पर
एनएसयूआई के राष्ट्रीय कोर्डिनेटर व जाने-माने छात्र नेता अमरजीत सिंह ने शोक संवेदना में कहा कि हमने एक गार्जियन के रूप में सशक्त धरोहर खो दिया। उनकी कमी हमें हमेशा खलेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम के प्रथम मेयर के रूप में उन्होंने शहर के सर्वांगीण विकास के लिए अहम भूमिका निभाई। शहर में स्ट्रीट लाइट लगवाना, ड्रेनेज की दुरुस्त व्यवस्था करना, तालाबों का संरक्षण करने जैसे अनेक महत्वपूर्ण कार्य करवाए। अमरजीत ने नगर निगम प्रबंधन से यह मांग की है कि स्व. शिवनारायण जयसवाल की याद में नगर निगम चौक का नामकरण उनके नाम पर किया जाय।
श्रद्धांजलि सभा में अनिल सिंह, झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस के उपाध्यक्ष सुयश सिन्हा, सचिव ख्याति मुंजाल, चैरिटेबल चार्म्स की निधि मोदी, सिल्की आसमानी, एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिकेत राज, महासचिव राजीव कुमार, सचिव अभिजीत सिंह, जन्नत सिंह, अमरजीत, मयंक, रोही, अरशद, सोना, पुनीत, गौरव आनंद सहित अन्य मौजूद थे।