Tuesday, May 21, 2024
HomeBIHARराष्ट्रीय कवि सम्मेलन-सह-बाल काव्य संग्रह लोकार्पण समारोह तीन सत्रों में सफलतापूर्वक सम्पन्न

राष्ट्रीय कवि सम्मेलन-सह-बाल काव्य संग्रह लोकार्पण समारोह तीन सत्रों में सफलतापूर्वक सम्पन्न

अमरेन्द्र कुमार सिंह
गया । साहित्यिक संस्था ‘शब्दाक्षर’ की दिल्ली इकाई द्वारा नई दिल्ली अवस्थित गाँधी शांति प्रतिष्ठान में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन-सह-बाल काव्य संग्रह का लोकार्पण व सम्मान समारोह सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ शब्दाक्षर के संस्थापक सह-राष्ट्रीय अध्यक्ष रविप्रताप सिंह ने शब्दाक्षर अधिकारियों तथा गणमान्य अतिथियों के साथ सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलन करके किया। तत्पश्चात ओड़िशा से आमंत्रित बाल कलाकार जयीता माहतो ने शास्त्रीय नृत्य द्वारा गणेश वंदना, कवि ज्ञानेन्द्र शुक्ल वत्सल ने सरस्वती वंदना तथा विभा राज भैरवी ने स्वागत गीत की सुमधुर तथा अति गौरवमय प्रस्तुति दी। शब्दाक्षर के द्वारा प्रकाशित बाल काव्य संग्रह का लोकार्पण करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष रविप्रताप सिंह ने कहा कि यह पल समस्त शब्दाक्षर परिवार के लिए अविस्मरणीय तथा गौरव का विषय है। उन्होंने शब्दाक्षर के सभी पदाधिकारियों के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करते हुए ‘शब्दाक्षर दिल्ली प्रदेश इकाई’ के सभी पदाधिकारियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। यह समारोह तीन सत्रों में आयोजित हुआ। प्रथम सत्र में पुस्तक लोकार्पण, दूसरे सत्र में सम्मान समारोह के तहत कवियों तथा बाल काव्यगोष्ठी के विजेताओं को शब्दाक्षर की ओर से सम्मानित किया गया तथा तीसरे सत्र में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में शब्दाक्षर के आमंत्रित पदाधिकारियों में से शब्दाक्षर के राष्ट्रीय प्रचार मंत्री अक्षय राज शर्मा, राष्ट्रीय उप सचिव सागर शर्मा ‘आजाद’, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी श्री निशांत सिंह गुलशन, उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष महावीर सिंह वीर, मध्य प्रदेश अध्यक्ष राजीव खरे, गुजरात प्रदेश अध्यक्ष सुमित मानधना ‘गौरव’, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष राम पंचाल ‘भारतीय’, हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष प्रो. डॉ. वनीता चोपड़ा, गोवा प्रदेश अध्यक्ष वंदना चौधरी, पानीपत हरियाणा की जिलाध्यक्ष सोनिया सोनम ‘अक्स’, भोपाल के जिलाध्यक्ष अक्षय बंसल आदि ने शिरकत की। कवि सम्मेलन में देश भर से आमंत्रित अतिथि कवियों, बाल रचनाकारों, मंचासीन अधिकारियों ने मंत्र मुग्ध कर देने वाला काव्य पाठ किया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र की अध्यक्षता ‘शब्दाक्षर’ दिल्ली के उपाध्यक्ष कवि प्रवीण राही ने तथा कार्यक्रम के द्वितीय सत्र की अध्यक्षता कवि महावीर सिंह वीर ने की। बतौर प्रधान अतिथि शब्दाक्षर के राष्ट्रीय सचिव सुबोध कुमार मिश्र, मुख्य अतिथि शिक्षाविद सुरेश चंद्र शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि हिंदुस्तानी भाषा अकादमी, दिल्ली के अध्यक्ष सुधाकर पाठक की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गौरवमय बना दिया। शब्दाक्षर दिल्ली की प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुमारी ‘संप्रीति’ ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत किया तथा प्रदेश सचिव पंकज तथा पश्चिम उत्तरी दिल्ली की ज़िलाध्यक्ष चन्द्रमणि ‘मणिका’ ने कार्यक्रम का संचालन किया। शब्दाक्षर दिल्ली की संगठन मंत्री डॉ विभा जोशी ‘विभूति’ ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
शब्दाक्षर की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. डॉ. कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी ने बतलाया कि विगत वर्ष के बालदिवस की ही भांति इस वर्ष भी बालदिवस के सुअवसर पर शब्दाक्षर की दिल्ली प्रदेश इकाई द्वारा राष्ट्रीय बाल कवि खोज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसका उद्घाटन अंतर्राष्ट्रीय गीतकार डॉ बुद्धिनाथ मिश्र ने किया था। डॉ रश्मि के अनुसार, इस वर्ष की राष्ट्रीय बाल काव्यगोष्ठियों में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थानों पर चयनित किए गये बाल कवियों की रचनाओं को शब्दाक्षर बाल काव्य-संग्रह के अगले अंक में शामिल किया जाएगा। साथ-ही-साथ उन्हे राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित भी किया जाएगा। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने शब्दाक्षर दिल्ली प्रदेश के सभी अधिकारियों और प्रतियोगी बच्चों को शुभकामनाएँ देते हुए बताया कि संस्था ने इस बार प्रकाशित होने वाले बाल काव्य संग्रह को सभी बच्चों को निःशुल्क उपलब्ध कराने की घोषणा की है। उन्होंने बतलाया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रविप्रताप सिंह के अनुसार शब्दाक्षर द्वारा देश के विभिन्न राज्यों में समय-समय पर ऐसे राष्ट्रीय साहित्यिक आयोजन बड़े स्तर पर आयोजित किए जाने हैं, ताकि पूरे देश में हिन्दी भाषा तथा साहित्य के प्रति लोगों में रुचि, आत्मीयता, श्रद्धा तथा गौरवबोध बढ़ सके। शब्दाक्षर दिल्ली द्वारा आयोजित राष्ट्रीय आयोजन की भव्य सफलता पर शब्दाक्षर के वरिष्ठ साहित्यकार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सत्येन्द्र सिंह सत्य, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र, राष्ट्रीय साहित्य मंत्री नीता अनामिका तथा शब्दाक्षर बिहार इकाई अध्यक्ष प्रो मनोज मिश्र ने सभी को बधाई दी। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सिंह ने ‘शब्दाक्षर’ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ० अजय श्रीवास्तव, शब्दाक्षर कानपुर उत्तर प्रदेश समिति के अध्यक्ष अनुराग सैनी तथा मार्गदर्शक जयराम सिंह ‘जय’ के प्रति भी कृतज्ञता जताई, जिन्होंने उनके सम्मान में एक अति प्रशंसनीय काव्यगोष्ठी का आयोजन किया, जिसमें कानपुर के प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी रचनाएँ पढ़ीं। उन्होंने सभी बाल रचनाकारों के अभिभावकों को भी साधुवाद दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments