Sunday, April 28, 2024
HomeBIHARव्यापक जनसमर्थन से जीत का परचम लहराएगा महागठबंधन : सुबोधकांत सहाय

व्यापक जनसमर्थन से जीत का परचम लहराएगा महागठबंधन : सुबोधकांत सहाय


पटना। बिहार में नीतीश कुमार और भाजपा के प्रति जनता का व्यापक आक्रोश दिखाई दे रहा है। कांग्रेस और महागठबंधन के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुबोधकांत सहाय ने बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के पक्ष में प्रचार अभियान के दौरान यह दावा किया। उन्होंने शत्रुध्न सिन्हा के सुपुत्र एवं कांग्रेस के टिकट पर बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे लव सिन्हा के चुनाव क्षेत्र अंतर्गत कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस और महागठबंधन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने बिहार वासियों को बेहद निराश किया है। बिहार में विकास के नाम पर कुछ भी नहीं किया गया। महज कागजी घोड़े दौड़ा कर नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार अपनी पीठ थपथपाती रही है। राज्य में बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है। बेरोजगारी से त्रस्त युवा वर्ग सरकार से नाराज है। कृषि सुधार के नाम पर कार्पोरेट समर्थक तीन कृषि कानूनों को लेकर किसान आंदोलित हैं। कोरोना काल में तो सुशासन बाबू का प्रदर्शन कुशासन से भी बदतर रहा है। नीतीश कुमार की जनविरोधी नीतियों के कारण बिहार की जनता आक्रोशित है। भाजपा और जदयू के प्रत्याशियों को जनसंपर्क अभियान के दौरान जनाक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। उनके बड़े से बड़े नेताओं की सभा में कुर्सियां खाली रह जा रही हैं, जबकि महागठबंधन की सभाओं में भारी भीड़ उमड़ रही है। उन्होंने कहा कि व्यापक जनसमर्थन से बिहार में महागठबंधन जीत का परचम लहराएगा। जनता ने तेजस्वी यादव को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने का फैसला कर लिया है। अब मोदी और अमित शाह चाहे जितनी सभाएं कर लें, कोई फर्क नहीं पड़नेवाला। बिहार जब गर्म होता है, तो दिल्ली तक का सिंहासन हिलने लगता है। बिहार की जनता के साथ भाजपा जदयू गठबंधन की सरकार ने वादाखिलाफी किया है। चुनाव में जनता भाजपा जदयू गठबंधन को सबक सिखाएगी। श्री सहाय ने कहा कि भाजपा को पिछले चुनाव में भी झटका लगा था। इसबार कुछ ज्यादा ही जोर का झटका लगनेवाला है।

dpadmin
dpadminhttp://www.deshpatra.com
news and latest happenings near you. The only news website with true and centreline news.Most of the news are related to bihar and jharkhand.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments