Thursday, May 2, 2024
HomeDESHPATRAपर्यावरण प्रेमी तुषार कांति ने पांच हजार पौधे लगाकर बनाया कीर्तिमान

पर्यावरण प्रेमी तुषार कांति ने पांच हजार पौधे लगाकर बनाया कीर्तिमान

विनीत कुमार की रिपोर्ट

रांची। पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित तुषार कांति शीट ने अब तक पांच हजार पौधे लगाकर कीर्तिमान स्थापित किया है। राजधानी के निवारणपुर स्थित आम्रपाली अपार्टमेंट निवासी तुषार विभिन्न जगहों पर फलदार, छायादार व औषधीय पौधे लगाकर उसके संरक्षण और संवर्धन के प्रति भी निरंतर प्रयासरत रहते हैं। बचपन से ही पौधे लगाकर उसका संरक्षण करना उनका शौक रहा है। वह बताते हैं कि पौधारोपण करने के बाद उसकी समुचित देखभाल के प्रति भी वे सदैव सजग रहते हैं। जिस प्रकार मां-बाप बच्चे की परवरिश करते हैं, उसी प्रकार श्री शीट पौधे लगाकर उसकी देखभाल में भी जुटे रहते हैं।
वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण काल के दौरान ऑक्सीजन की कमी ने पर्यावरण के महत्व और पौधों की उपयोगिता का एहसास करा दिया है। इसे देखते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विभिन्न सामाजिक संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों की ओर से पौधारोपण के लिए लोगों को प्रेरित किया जाने लगा है।
श्री शीट शहर के विभिन्न स्थलों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने में जुटे हुए हैं। शहर के निवारणपुर स्थित तपोवन मंदिर परिसर, डोरंडा के रिसालदार बाबा मजार परिसर, पुनदाग स्थित साईं मंदिर परिसर, निवारणपुर स्थित वीएसबी विद्यालय परिसर, आदिम जाति सेवा मंडल, रामाकृष्ण मिशन आश्रम, तुपुदाना, एचईसी आवासीय परिसर स्थित श्रीरामकृष्ण सेवा संघ द्वारा संचालित विवेकानंद विद्या मंदिर परिसर व उसके आसपास सहित अन्य इलाकों में उन्होंने कई फलदार, छायादार व औषधीय पौधे लगाए हैं। यही नहीं, पौधारोपण के बाद वह नियमित रूप से पौधों की देखभाल भी करते हैं।
गौरतलब है कि तुषार कांति सामाजिक संस्था श्रीरामकृष्ण सेवा संघ से भी जुड़े हैं। संस्था में वह सहायक सचिव के पद पर सेवारत हैं। कोरोना संक्रमण काल के दौर में उन्होंने मानव सेवा की भी अद्भुत मिसाल पेश की है। यही नहीं, कोरोना संक्रमण काल के दौरान सड़कों पर विचरण करते लावारिस जानवरों को भी निवाले पर आई आफत को देखते हुए पशुओं को भी निवाला उपलब्ध कराने में जुटे रहे।
तुषार कांति समाज सेवा के क्षेत्र में कई उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। सामाजिक कार्यों के प्रति उनकी अभिरुचि और उनके द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए देश की नामी-गिरामी संस्थाओं द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया है। श्री शीट बताते हैं कि पर्यावरण की रक्षा जीवन के लिए जरूरी है। स्वस्थ जीवन के लिए पर्यावरण को स्वच्छ रखना अत्यंत आवश्यक है। पेड़-पौधे हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं।
उन्होंने लोगों से जन्मदिन, पुण्यतिथि सहित अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments