रांची। श्रमिक संगठन जनता मजदूर यूनियन और सामाजिक संस्था भारतीय सांस्कृतिक परिषद के संयुक्त तत्वावधान में एचईसी के लोकप्रिय श्रमिक नेता व जनता मजदूर यूनियन के संस्थापक स्व. उमाशंकर सिंह की पांचवी पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर भारतीय सांस्कृतिक परिषद, सेक्टर-टू के प्रागंण में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने स्व.सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। मौके पर श्री सहाय ने कहा कि स्व.उमाशंकर सिंह एचईसी के श्रमिकों के लिए मसीहा के रूप में थे। वे मजदूरों व कर्मचारियों के हक के लिए जीवनपर्यंत संघर्षरत रहे। श्रमिक हित में उनके द्वारा किए गए उल्लेखनीय योगदान अविस्मरणीय हैं। उन्होंने कहा कि स्व. सिंह एचईसी के श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के प्रति सदैव तत्पर रहा करते थे। श्रमिक हित में उनके द्वारा किए गए कार्यों को याद कर आज भी श्रमिक श्रद्धा से उनके प्रति नतमस्तक हो जाते हैं। उनकी कमी हमेशा खलती रहेगी। श्री सहाय ने कहा कि स्वर्गीय सिंह ने कभी नकारात्मक राजनीति को प्रश्रय नहीं दिया। वह हमेशा श्रमिकों के प्रति समर्पित रहे। एचईसी में लगभग सभी श्रमिक संगठनों के साथ समन्वय बनाकर श्रमिकों के हितों के संरक्षण के लिए संघर्षरत रहे। इस अवसर पर स्वर्गीय सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए एचईसी के निदेशक (कार्मिक) मृदुल कुमार सक्सेना ने कहा कि प्रबंधन और मजदूरों के बीच स्व. सिंह एक सेतु का काम करते थे। वह श्रमिक हित और उद्योग हित, दोनों का ख्याल रखते थे। वहीं, निदेशक (विपणन व उत्पादन) राणा एस चक्रवर्ती ने कहा कि एचईसी के सभी श्रमिक संगठनों के बीच तालमेल बनाकर वह श्रमिक हित में प्रयासरत रहा करते थे। प्रबंधन के साथ श्रमिकों की समस्याओं को लेकर वार्ता की पहल सकारात्मक रूप में किया करते थे। वह मजदूर हित, उद्योग हित और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित शख्सियत थे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम का संचालन जनता मजदूर यूनियन के महामंत्री एसजे मुखर्जी और अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर एचईसी के कार्मिक निदेशक एमके सक्सेना, निदेशक विपणन व उत्पादन राणा एस चक्रवर्ती, कृपाशंकर श्रीवास्तव, योगेंद्र सिंह, जीवेश सिंह सोलंकी, कार्यकारी अध्यक्ष रामेन्द्र कुमार, दिवाकर देव, एके पाल,शेखर लाल, पंकज कुमार सिंह, दीपक प्रसाद, अशोक कुमार सिन्हा (प्रेसिडेंट), तरुण कुमार, सचिन कुमार, रमेशचंद्र पांडेय, अरविंद कुमार सिंह (मामा जी) बैजनाथ, प्रेम सागर, अनुग्रह एक्का सहित काफी संख्या में श्रमिक नेता व एचईसी के कर्मचारी, पूर्व कर्मचारी गण मौजूद थे।