रांची : कुछ वाटस्एप ग्रुप पर शुक्रवार की रात से पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय के भाजपा में शामिल होने संबंधी खबर वायरल हो रही है। इस खबर पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने कहा है कि उक्त खबर बिल्कुल बेबुनियाद है। यह उनकी छवि खराब करने की किसी के द्वारा मनगढ़ंत साजिश है। उन्होंने कहा है कि श्री सहाय के भाजपा में शामिल होने संबंधी व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल हो रही खबर पूरी तरह फर्जी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय की मुलाकात अमित शाह से इस संदर्भ में कभी नहीं हुई। श्री सहाय भाजपा जैसी सांप्रदायिक ताकतों के साथ कभी समझौता नहीं कर सकते हैं। उनके भाजपा में शामिल होने संबंधी झूठी खबर वायरल होते ही कांग्रेस के कई नेताओं ने भी इसका जबरदस्त खंडन किया है। इस कृत्य को एक सोची-समझी साजिश के तहत श्री सहाय की छवि खराब करने का कुत्सित प्रयास बताया है। श्री सिन्हा ने कहा कि इस भ्रामक और तथ्यहीन खबर को प्रसारित करने वाले के विरुद्ध साइबर थाने में मामला दर्ज कराया जाएगा।
सुबोधकांत सहाय के भाजपा में शामिल होने की खबर मनगढ़ंत साजिश : राकेश सिन्हा
Sourceनवल किशोर सिंह