रांची। झारखंड की लोकप्रिय स्वयंसेवी संस्था लीड्स ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शनिवार को राज्य के 13 जिलों में पौधरोपण अभियान चलाया। इस कार्यक्रम के तहत उक्त जिलों में विभिन्न स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सड़क किनारे निजी वाहन सरकारी भूमि पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर लीड्स के निदेशक व प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता एके सिंह ने कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों को पौधा देखकर सम्मानित किया और पौधरोपण के लिए उन्हें प्रेरित किया। श्री सिंह ने बताया कि विगत 8 वर्षों से झारखंड के 13 जिलों में पौधरोपण का कार्य जारी है। इसके तहत विभिन्न प्रकार के फलदार व औषधीय गुणों से परिपूर्ण हजारों पौधे विभिन्न जिलों में लगाए जा चुके हैं। इससे लगभग पांच हजार किसान लाभान्वित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधरोपण का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरुक करना है। श्री सिंह ने प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवन काल में कम से कम 10 पौधे लगाने की अपील की। इस अवसर पर महेंद्र कुमार, भावानंद झा सहित संस्था के अन्य सदस्यगण मौजूद थे।
स्वयंसेवी संस्था लिड्स ने मनाया पर्यावरण दिवस
13 जिलों में किया पौधारोपण
Sourceनवल किशोर सिंह