Tuesday, April 30, 2024
HomeBIHARनगर निकाय चुनाव में फिर महिलाओं ने परचम लहराया, 805 में से...

नगर निकाय चुनाव में फिर महिलाओं ने परचम लहराया, 805 में से 458 सीटों पर जीत हासिल की

सहरसा में भाजपा MLA विनय बिहारी की पत्नी भी हारीं। वहीं मधुबनी को पहला डिप्टी मेयर भी मिल गया है।

बिहार में कुल 741 वार्ड पार्षद पद के लिए हुए चुनाव में महिलाओं को 430 और पुरुषों को 311 सीट पर जीत मिली। 32 मुख्य पार्षद और 32 उप-मुख्य पार्षद भी चुन लिये गये हैं। मुख्य पार्षद के 32 विजेताओं में 15 महिला और 17 पुरुष हैं। उप मुख्य पार्षद के 32 विजेताओं में 13 महिला और 19 पुरुष हैं । 31 नगर निकायों के 805 खाली पदों पर 11 जून को परिणाम घोषित किया गया। चुनाव परिणाम के लिए 58 केंद्रों पर 18 नगर परिषद और 10 नगर पंचायत क्षेत्र के मतों का शांतिपूर्ण तरीके से गिनती का कार्य संपन्न कराया गया। ग़ौरतलब है कि 9 वार्ड पार्षद निर्विरोध रूप से चुने गये थे। जिन सीटों पर किसी कारण से चुनाव नहीं हो सका था या जिनके विजेताओं की असामयिक मौत से पद खाली हुआ, वहां यह चुनाव हुआ था। कुल 805 विजेताओं में 458 महिला और 347 पुरुष हैं। बिहार में इस बार नगर निकाय चुनाव में मेयर (मुख्य पार्षद) भी सीधे आम वोटरों ने चुने हैं।

आपको बता दें की 9 जून को वार्ड पार्षद, उप मुख्य पार्षद और मुख्य पार्षद पद के लिए मतदान हुआ था जिसमें कुल 4431 प्रत्याशियों ने भाग लिया था। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा कुल 805 पदों के लिए मतदान कराया गया था। 

रीना देवी ने पति के हत्यारोपी को 7044 मतों से हराया

नरकटियागंज नगर परिषद से मुख्य वार्ड पार्षद के पद पर रीना देवी ने राधेश्याम तिवारी को हराया। यह वही राधेश्याम हैं, जिन पर रीना देवी के पति राजेश श्रीवास्तव के हत्या का आरोप लगे हैं । नगर परिषद नरकटियागंज के उपचुनाव में सभापति पद पर मृत प्रॉपर्टी डीलर और सभापति प्रत्याशी राजेश श्रीवास्तव की पत्नी रीना देवी ने जीत दर्ज की है। उन्होंने न केवल कई दिग्गजों को हराया है, बल्कि पति की हत्या में आरोपित सभापति प्रत्याशी राधेश्याम तिवारी को भी पराजित किया है। रीना देवी को 7044 मत मिले हैं, जबकि दूसरे स्थान पर रहे निवर्तमान सभापति राधेश्याम तिवारी को 3315 वोट मिले हैं।

अरुण राय बने मधुबनी के पहले मेयर

मधुबनी के पहले मेयर बने अरुण राय

पहली बार हुए मधुबनी नगर निगम के चुनाव में 8887 मतों के अंतर से जीतकर अरुण राय मधुबनी के पहले मेयर बन गए हैं। मधुबनी नगर निगम में अरुण राय को 22,586 मत मिले हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर रहे असलम अंसारी को 13,699 मत मिले हैं। गुणानंद यादव 9089 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

दूसरी तरफ़ मधुबनी नगर निगम के डिप्टी मेयर पद पर अमानुल्लाह खान ने जीत हासिल कर ली है। इसी के साथ मधुबनी को पहला डिप्टी मेयर भी मिल गया है। अमानुल्लाह खान ने 2,751 मतों के अंतर से जीत हासिल की है। अमानुल्लाह खान को सर्वाधिक 13,749 मत मिले है। जबकि दूसरे स्थान पर रहे रत्नेश्वर दास उर्फ महंत जी को 10,998 और काजोल पूर्वे को 8,481 वोट मिले।

दिवंगत भाजपा विधायक की पत्नी ने जदयू सांसद की पत्नी को हराया

सबसे चर्चित सीट रहे सहरसा नगर निगम के मेयर पद पर हुए चुनाव में दिवंगत भाजपा विधायक की पत्नी बैन प्रिया ने जदयू सांसद दिनेश चंद्र यादव की पत्नी रेणु सिन्हा को हराया। वहीं भाजपा MLA विनय बिहारी की पत्नी भी हारीं। पूर्व विधायक स्व संजीव झा की पत्नी बैन प्रिया लगभग डेढ़ हजार मतों से चुनाव में जीत दर्ज की है। दूसरे स्थान पर नजीर मियां रहे, जबकि तीसरे स्थान पर सांसद की पत्नी रेणु सिन्हा रही।

पटना मेयर की बहू ने जीत हासिल की
पटना नगर निगम के वार्ड 58 के पार्षद चुनाव में महापौर सीता साहू की बहू श्वेता कुमार ने अपनी प्रतिद्वंदी पूजा कुमारी को 1602 वोट से हरा दिया। पटना नगर निगम (Patna Nagar Nigam) के वार्ड नंबर 58 से महापौर सीता साहू की बहू श्वेता कुमारी ने जीत दर्ज कर ली है। श्वेता कुमारी को 6103 वोट और पूजा को 4501 मत मिले हैं l

तीन पूर्व मुख्य पार्षद और एक पूर्व उप मुख्य पार्षद चुनाव हारे

रोहतास नगर परिषद चुनाव में कई दिग्गजों को इस बार जनता ने नकार दिया है। इस बार चुनाव में निवर्तमान मुख्य पार्षद गुप्तेश्वर प्रसाद, पूर्व मुख्य पार्षद रब नवाज खां राजू, आफरीन खातून और पूर्व उप मुख्य पार्षद विकाश कुमार सिंह उर्फ सड़सठ मुख्य पार्षद के लिए चुनाव मैदान में थे, लेकिन इन सबों को शिकस्त देते हुए मनोरंजन सिंह ने अपनी जीत दर्ज कराई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments