Thursday, May 2, 2024
HomeBIHARनदी में दिखी छठ की अनुपम छटा, उगते सूर्य को दिया अर्घ्य

नदी में दिखी छठ की अनुपम छटा, उगते सूर्य को दिया अर्घ्य

अमरेन्द्र कुमार सिंह
गया। सूर्योपासना का महापर्व छठ गुरुवार को प्रातः कालीन अर्घ्य के साथ संपन्न हो गया। जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए विभिन्न नदी घाटों, तालाबों एवं जलाशयों पर लोग पौ फटने के पहले से ही जुटने लगे थे।पूरब दिशा में जब सूर्य की लालिमा दिखाई दी तो विभिन्न घाटों पर छठ व्रतियों का अर्घ्य देने का सिलसिला शुरू हो गया। नदी घाटों पर सुबह 4:00 बजे से ही लोगों का आना शुरू हो गया था। छठ व्रतियों के साथ काफी संख्या में उनके स्वजन भी वाहनों से नदी किनारे पहुंचने लगे थे। कई अन्य घाटों पर अर्ध देने के लिए मेले जैसा दृश्य दिखाई पड़ा। जहां छठ व्रतियों ने पवित्र जल में खड़े होकर भगवान की आराधना में लीन होकर भगवान सूर्य को नमन किया। घाटों पर अर्ध्य अर्पित करने के बाद हवन भी किया गया। जिससे संपूर्ण नदी तट होम हवन से सुवासित हो गया। छठ व्रतियों ने नदी किनारे बने प्राचीन मंदिरों में भी पूजा अर्चना की। छठी मैया और भगवान भास्कर की आराधना करते हुए छठ व्रतियों ने अपनी संतान और परिवार के सुख और समृद्धि की प्रार्थना की। केलवा के पात पर उगलन सुरूज देव……कांचहि बांस के बहंगिया,बहंगी लचकत जाय…. बहंगी लोकगीतों के बीच शुद्धता एवं पवित्रता के साथ नदी छठ घाटों पर व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य प्रदान कर 36 घंटे का निर्जला उपवास का पारण किया। इस दौरान छठ व्रतियों ने कोरोना संक्रमण को देखते हुए अपने घरों की छतों पर भगवान भास्कर को छठव्रतियो ने नेम निष्ठा के साथ घर पर ही फल,फूल नारियल, पान, सुपारी,चावल का लड्डू, ठेकुआ, ईख, दीपक सहित कई अन्य पूजन सामग्री से उगते सूर्य को अर्घ्य देंकर संतान के सुख और समृद्धि की मंगल कामना की। नदी में छठ की छटा से अनुपम दृश्य देखने को मिला।उदयगामी सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हो गया। मौके पर वरिष्ठ पत्रकार सुनील सौरभ ने छठ की महिमा का बखान करते हुए कहा कि छठ पर्व प्रकृति और साक्षात भगवान भास्कर की आराधना का अनुपम लोक पर्व है। इस पर्व में लोक संस्कृति, लोक गाथा और लोक भाषा के संरक्षण पर जोर दिया गया है। छठ गीतों के गायन का जो प्राकृतिक लय है उसे सुनने में अच्छा लगता है। इस पर्व में भारत की वैदिक आर्य संस्कृति की एक छोटी सी झलक दिखलाई पड़ती है। ये एकमात्र भारत का ऐसा पर्व है जो वैदिक काल से चलता रहा है। बिहारियों का सबसे बड़ा छठ पर्व बिहार की संस्कृति बन चुका है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments