Sunday, April 28, 2024
HomeJHARKHANDJharkhand IAS Pooja Singhal case :  विशाल चौधरी ने 10 दिन में...

Jharkhand IAS Pooja Singhal case :  विशाल चौधरी ने 10 दिन में 3 करोड़ के फॉरेन ट्रिप के साथ किए 10 करोड़ के ट्रांजेक्‍शन 

झारखंड सरकार के गृह विभाग, श्रम विभाग, ऊर्जा विभाग के महत्वपूर्ण फैसलों में विशाल की अच्छी पैठ थी।

रांची: 

भारतीय प्रशासनिक सेवा की निलंबित अधिकारी पूजा सिंघल पर प्रवर्तन निदेशालय की नकेल कसने के बाद झारखंड में नौकरशाह-दलाल सिंडिकेट की परत-दर-परत खुल रही है। इसी सिंडिकेट का एक अहम नाम है विशाल चौधरी। नौकरशाहों की काली कमाई खपाने से लेकर उनके लिए मौज-मस्ती का इंतजाम करने वाला विशाल चौधरी ईडी के हत्थे चढ़ चुका है। इस शातिर के यहां जब ईडी के अफसरों ने धावा बोला तो इसने अपना एप्पल मोबाइल कचरे के डिब्बे में डाल दिया। ईडी को इसके पास से हाल के दिनों में लगभग 10 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन के दस्तावेज हासिल करने में सफलता मिली है। ईडी ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ करना आरंभ किया है।

विशाल चौधरी की राज्य के अहम विभागों में तूती बोलती थी। गृह विभाग, श्रम विभाग, ऊर्जा विभाग के महत्वपूर्ण फैसलों में विशाल की अच्छी पैठ थी। वर्ष 2016-17 में विशाल चौधरी ने झारखंड राज्य स्किल डेवलमेंट मिशन में फ्रंटलाइन ग्लोबल सर्विसेज के नाम से कंप्यूटर प्रशिक्षण देने का काम लिया। यह लगभग एक करोड़ रुपये का काम था।

पहाड़ी मंदिर के ठीक सामनेवाली सड़क में कार्यालय खोला गया था। जहां कंप्यूटर प्रशिक्षण के नाम पर फर्जी छात्रों का दाखिला लिया गया। नगर प्रशासन विभाग द्वारा स्किल डेवलपमेंट का काम दिया गया। बाद में फर्जी छात्रों का मामला खुलने पर यह कार्यालय बंद कर दिया गया। फिर अरगोड़ा चौक में फ्रंटलाइन ग्लोबल सर्विसेज और विनायका का ऑफिस खुला।

विनायका के जरिये विशाल सप्लाई आदि का काम करता था. कुछ विभागों के टेंडर में भी हिस्सा लेता रहा. स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलों में कोरोना किट बांटने का काम भी विनायका को मिला था. विशाल चौधरी पीएचडी चेंबर ऑफ कॉमर्स झारखंड का अध्यक्ष भी था। उसके द्वारा कई कार्यक्रम यहां आयोजित किये गये हैं। खबर है कि खेलगांव में अभिनेत्री महिमा चौधरी को भी उसने बुलवाया था। जिसमें पूरा भुगतान नहीं किये जाने का मामला अभी चल रहा है।

महत्वपूर्ण टेंडर भी मैनेज करता था विशाल

विशाल की वर्ष 2019-20 में झारखंड ऊर्जा विकास निगम में भी खूब चलती थी। बिजली कंपनियों के अधिकारियों के अनुसार उस दौरान कोई भी अहम फैसला हो या ट्रांसफर-पोस्टिंग का काम हो, संचिका पहले अरगोड़ा चौक स्थित विशाल चौधरी के कार्यालय में जाती थी। फिर, विशाल डील करता था।

अंतिम रूप से नाम भेजे जाने के बाद ही किसी पदाधिकारी का पदस्थापन हो पाता था। महत्वपूर्ण टेंडर भी मैनेज करने का काम विशाल करता था। इसी तरह हाल तक गृह विभाग की ट्रांसफर-पोस्टिंग में भी विशाल की चलती थी। उसके कार्यालय में तमाम आइपीएस, आइएएस अधिकारियों के नंबर, रिटायरमेंट की तिथि, वर्तमान पदस्थापन स्थल आदि की जानकारी थी। जो कार्यालय के कचरे के ढेर में मिला। बताया गया कि कर्मचारियों ने आनन-फानन में कई कागजात भी इधर-उधर फेंक दिये। उसमें भी कुछ दस्तावेज मिले हैं, जिससे पता चलता है कि किसी ट्रैक मेन्यूफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को रांची के आवासीय विद्यालय में बेड सप्लाई करने का काम मिला है। बताया जाता है कि इस काम को भी विशाल ही मैनेज कर रहा था। इसके अलावा भी विभिन्न कंपनियों को काम दिलाने में बिचौलिये की भूमिका निभाता था।

विशाल चौधरी से पूछताछ में राज्य के लगभग आधा दर्जन आइएएस और आइपीएस अधिकारियों की कलई खुल सकती है। इनका काला धन विशाल अपने स्तर से खपाता था। उसने दो कंपनियां भी बना रखी थी, जिसके जरिए वह विभिन्न विभागों में कामकाज करता था। एक सीनियर आइएएस अधिकारी से उनके बेहद करीबी रिश्ते थे और उनके दफ्तर समेत आवास पर वे अक्सर देखे जाते थे। इसके अलावा कई आइएएस और आइपीएस अधिकारी उनसे बराबर मिलते थे। विशाल से पूछताछ में इससे संबंधित सुराग मिल सकते हैं। इसमें कई अफसरों की गर्दन फंस सकती है।

महंगा लाइफस्टाइल जीता था

विशाल चौधरी काली कमाई पर खूब ऐश-मौज करता था। काम कराने के लिए वह प्रभावी अधिकारियों को हर स्तर पर उपकृत करता था। उसके यहां ट्रांसफर-पोस्टिंग से लेकर टेंडर मैनेज करने वालों की भीड़ लगी रहती थी। वह अक्सर विदेश दौरा करता था।

अखिल भारतीय सेवा के एक अधिकारी की आंखों का तारा था

विशाल चौधरी कौशल विकास के कार्यक्रम कराता था। इस कार्य में उसे राज्य में प्रतिनियुक्त अखिल भारतीय सेवा के एक पदाधिकारी का भरपूर सहयोग मिला। कागज पर लोगों को हुनरमंद बनाने का हुनर उसी अफसर ने सिखाया। फिलहाल वह अधिकारी दक्षिण भारत के एक राज्य में प्रतिनियुक्त है। ED की छापेमारी में इससे संबंधित दस्तावेज भी हाथ लगे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments