पेट्रोल-डीजल को कहिए बाय-बाय, यह कार चलेगी इथेनॉल से, आज भारत में हुई लॉंच

इथेनॉल से चलने वाली गाड़ी बाजार में आई, भारत के लिए गेमचेंजर साबित होगी यह पहल।

पेट्रोल-डीजल को कहिए बाय-बाय, यह कार चलेगी इथेनॉल से, आज भारत में हुई लॉंच

देश में आज पूरी तरह से इथेनॉल ईंधन (Ethanol Fuel) से चलने वाली टोयोटा की कार (Ethanol Based Toyota Car) को भारत के केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने पेश कर दी है। इस तरह के कार के बाजार में आने के बाद न केवल पर्यावरण पर असर पड़ेगा बल्कि देश के आर्थिक हालात पर भी इसका असर देखने को मिलेगा।इस समय देश में सबसे बड़ी समस्या किसानों की आय को लेकर है, ऐसे में इथेनॉल ईंधन के व्यावसायिक इस्तेमाल से किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। इस प्रकार से इथेनॉल के प्रयोग से चलने वाली गाड़ियां जब सड़कों पर रफ्तार भरेंगी तो किसानों की आय को भी एक नई रफ्तार मिलेगी।

भारत सरकार ने इथेनॉल बेस्ड इस कार को अपने मास्टरस्ट्रोक के रूप में लॉन्च किया है जो भारत के लिए कई पहलुओं के हिसाब से एक गेमचेंजर साबित हो सकता है। प्रदूषण और पर्यावरण के हिसाब से भी यह कदम एक तरह से देश के नागरिकों के स्वास्थ्य पर सीधा असर डालेगा। इससे रोजगार के नये अवसर बनेंगे और देश पर वर्तमान में जो तेल आयात का बोझ है वह भी कम होगा।

देश में इथेनॉल का रिकॉर्ड :

देश में इस समय इथेनॉल की उत्पादन क्षमता 1244 करोड़ लीटर है। इस साल 11 जून 2023 तक भारत सरकार ने ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को डिस्टिलरीज की रिकॉर्ड सप्लाई 310 करोड़ लीटर की है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने हाल ही में अपने एक बयान में कहा था कि 2025 तक भारत पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल ब्लेंडिंग का लक्ष्य हासिल कर लेगा। साथ ही उन्होंने कहा था कि इस प्रोग्राम के कार्यान्वयन में मक्के की फसल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा था कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) को इथेनॉल की आपूर्ति 2013-14 में 38 करोड़ लीटर से बढ़कर 2021-22 में 408 करोड़ लीटर हो गई है।

भारत सरकार ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के लिए पेट्रोल में इथेनॉल को मिलाने पर जोर दे रही है, क्योंकि देश अपनी तेल जरूरतों का लगभग 85 फीसदी आयात करता है। सबसे ख़ास बात यह है कि यह घरेलू स्तर पर किया जा सकता है। यह अलग बात है कि अब नितिन गडकरी पूरी तरह से इथेनॉल आधारित गाड़ियों की वकालत कर रहे हैं।