RPC MEDIA CUP 2026 में गंगा और स्वर्णरेखा के बीच होगा खिताबी मुकाबला
सोमवार दोपहर 12 बजे से होगा फाइनल मुकाबला
RPC MEDIA CUP 2026 के रोमांचक मुकाबलों के बाद अब फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। गंगा और स्वर्णरेखा की टीमें खिताबी भिड़ंत में आमने-सामने होंगी। फाइनल मुकाबला सोमवार दोपहर 12 बजे से जे के क्रिकेट एकेडमी मैदान में खेला जाएगा। सेमीफाइनल में गंगा ने मयूराक्षी को हराया, जबकि स्वर्णरेखा ने अमानत को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
पहला सेमीफाइनल
गंगा बनाम मयूराक्षी
पहले सेमीफाइनल में गंगा ने निर्धारित 16 ओवर में 4 विकेट खोकर 123 रन बनाए। ओम प्रकाश झा ने 43 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि संतोष ने 30 रन का योगदान दिया। मयूराक्षी की ओर से ओम प्रकाश ने 1 विकेट 20 रन देकर लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मयूराक्षी की टीम 15.1 ओवर में 112 रन पर सिमट गई। ओम प्रकाश ने 50 रन और लाल दिवाकर ने 21 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। गंगा की ओर से संतोष कुमार सिन्हा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट 19 रन पर झटके। दिवाकर और विजय ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। गंगा ने यह मुकाबला 11 रन से जीत लिया। *संतोष कुमार सिन्हा* को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा सेमीफाइनल
अमानत बनाम स्वर्णरेखा
दूसरे सेमीफाइनल में अमानत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में 6 विकेट पर 127 रन बनाए। रियाज आलम ने 53 रन और शमीम राजा ने 35 रन की पारी खेली। स्वर्णरेखा की ओर से कप्तान राजेश कुमार ने 2 विकेट 19 रन देकर लिए।
128 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्वर्णरेखा ने 12.4 ओवर में ही 2 विकेट खोकर 129 रन बना लिए। मोनू कुमार ने 77 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि विजय कुमार ने 29 रन जोड़े। अमानत की ओर से बिपिन और शमीम राजा को 1-1 विकेट मिला। स्वर्णरेखा ने यह मुकाबला 8 विकेट से जीतकर फाइनल में जगह बनाई। मोनू कुमार को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। अब सभी की नजरें सोमवार को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां गंगा और स्वर्णरेखा खिताब के लिए जोर आजमाइश करेगी।
