पीएनबी की सांस्कृतिक संध्या में दिखी प्रतिभाओं की चमक, गीत-संगीत और नृत्य से सजी महफिल

‘ताल-तरंग’ प्रतियोगिता में बैंककर्मियों ने बिखेरा हुनर, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

Oct 24, 2026 - 20:24
पीएनबी की सांस्कृतिक संध्या में दिखी प्रतिभाओं की चमक, गीत-संगीत और नृत्य से सजी महफिल

गयाजी। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की ओर से बैंककर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को एक निजी सभागार में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल प्रमुख चैता कुमार पंडा एवं विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। सांस्कृतिक संध्या के दौरान आयोजित ‘ताल-तरंग’ प्रतियोगिता में मंडल कार्यालय, लोन पॉइंट और विभिन्न बैंक शाखाओं के स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने एकल गायन, कविता पाठ और शेरो-शायरी के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभागार में मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान तालियों की गूंज से पूरा सभागार उत्साह और उमंग से सराबोर रहा। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पीएनबी परिवार के बच्चों की गीत एवं नृत्य प्रस्तुतियां रहीं। बच्चों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और शानदार प्रदर्शन से उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी आकर्षक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बैंककर्मियों और उनके परिवारों को एक साथ आनंद के पल बिताने का अवसर प्रदान किया। इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य प्रबंधक प्रकाश कुमार एवं गौरव कुमार, गया-जहानाबाद के एलडीएम प्रताप भानू, कैलाश कुमार सहित विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रबंधक, बैंककर्मी और उनके परिजन उपस्थित रहे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बैंककर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ उनकी छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, आपसी सहयोग और सौहार्द को मजबूत करना तथा बैंक परिवार के सदस्यों के बीच पारिवारिक जुड़ाव को बढ़ावा देना था। इस तरह के आयोजनों से कर्मचारियों में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और टीम भावना विकसित होती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0