17 अक्टूबर को निकलेगी चतुर्थ विशाल मां जगदंबा सशस्त्र शोभायात्रा, घोड़ों पर सवार वीरांगना के रूप में दिखेंगी महिलाएं

तीन ओपन जीपों पर मां दुर्गा के तीन स्वरूपों की झांकी, गुरुकुल के योद्धा दिखाएंगे युद्धकला और आत्मरक्षा का कौशल

Oct 11, 2026 - 13:17
17 अक्टूबर को निकलेगी चतुर्थ विशाल मां जगदंबा सशस्त्र शोभायात्रा, घोड़ों पर सवार वीरांगना के रूप में दिखेंगी महिलाएं

गयाजी। परशुराम गुरुकुल ट्रस्ट (रजि.), गयाजी के तत्वावधान में आगामी शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को चतुर्थ विशाल मां जगदंबा सशस्त्र शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा का शुभारंभ प्रातः 7 बजे गोलपत्थर मंदिर से होगा। रविवार, 11 अक्टूबर को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री नीरज त्रिपाठी ने इसकी जानकारी दी। श्री त्रिपाठी ने बताया कि शोभायात्रा का उद्देश्य मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ उनके साहस, शक्ति, आत्मविश्वास और धर्मरक्षा के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संदेश देना है। इसके माध्यम से मातृशक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने, आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा युवाओं में साहस, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। शोभायात्रा में दिखेगी भारतीय परंपरा और वीरता की झलक इस वर्ष शोभायात्रा में कई आकर्षक झांकियां और पारंपरिक युद्धकलाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। तीन ओपन जीपों पर छोटी, मंझली एवं बड़ी दुर्गा के स्वरूपों की सजीव झांकियां सजाई जाएंगी। वहीं, 11 घोड़ों पर वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के स्वरूप में महिलाएं शामिल होंगी। इसके अतिरिक्त 11 बुलेट मोटरसाइकिलों पर भी महिलाएं वीरांगना लक्ष्मीबाई के रूप में अपनी सहभागिता निभाएंगी। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में माताओं, बहनों एवं हिंदू समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान परशुराम गुरुकुल के प्रशिक्षित योद्धा कलारीपयट्टू, उरुमी, लाठी एवं मार्शल आर्ट का विशेष प्रदर्शन करेंगे। रथ पर गोलपत्थर पीठाधीश्वर महंत राजीव रंजन दास जी महाराज विराजमान रहेंगे। श्री त्रिपाठी ने कहा कि युद्धकला और आत्मरक्षा का प्रदर्शन महिलाओं एवं युवाओं को शारीरिक प्रशिक्षण, अनुशासन, साहस तथा आत्मविश्वास के प्रति प्रेरित करेगा। ट्रस्ट का मूल संदेश है— 'शस्त्र, शास्त्र और संस्कार के साथ सशक्त समाज का निर्माण।' इन मार्गों से गुजरेगी शोभायात्रा शोभायात्रा गोलपत्थर मंदिर से प्रारंभ होकर जीबी रोड, नई गोदाम, महारानी रोड, रामधनपुर, बैरागी, स्टेशन रोड, तेलबिगहा, पिपरपाती और राज वीडियो हॉल होते हुए दवा मंडी पहुंचेगी। इसके बाद शोभायात्रा का समापन आजाद पार्क में होगा। समापन के उपरांत श्रद्धालुओं एवं उपस्थित जनसमूह के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा। लाल वस्त्र पहनकर शामिल होने की अपील ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री नीरज त्रिपाठी ने गयाजी के समस्त हिंदू समाज, माताओं, बहनों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने सहभागियों से लाल रंग के वस्त्र धारण कर आने तथा पारंपरिक शस्त्रों के साथ शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य समाज में एकता, संगठन, साहस, आत्मरक्षा और सांस्कृतिक चेतना का संदेश प्रसारित करना है। संगठित, अनुशासित एवं जागरूक समाज ही अपनी संस्कृति और परंपराओं को सशक्त बनाए रख सकता है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये रहे उपस्थित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रस्ट के सचिव श्री मुकेश बरनवाल, कोषाध्यक्ष श्री मनीष वर्णवाल, ट्रस्टी श्री सौरव पंडा एवं श्री रोहित पंडा, प्रचारक अमन कुमार, सह-कोषाध्यक्ष श्री मनीष वर्णवाल, श्री मनीष गुप्ता, प्रेम कुमार, सिद्धार्थ पंडा, डब्लू कुमार, रूपेश कंधवे, आनंद कुमार, आशुतोष दांगी, मुकेश कुमार सहित महिला अध्यक्ष संगीता वर्णवाल, उपाध्यक्ष ममता वर्णवाल, ज्योति रानी एवं अनिता पाठक समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0