बिरसा मुंडा जयंती पर जनजातीय समूहों को वितरित की गई तेल निकालने वाली मशीनें

स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए एसएसबी और कृषि विज्ञान केंद्र की पहल, तीन गांवों के 30 लाभार्थियों को मिला लाभ

Nov 10, 2026 - 17:01
बिरसा मुंडा जयंती पर जनजातीय समूहों को वितरित की गई तेल निकालने वाली मशीनें

नरकटियागंज। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), नरकटियागंज की ओर से 9 नवंबर 2026 को वाइब्रेंट विलेज गम्हरिया में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कमांडेंट श्री बलवंत सिंह नेगी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र, नरकटियागंज के सहयोग से जनजातीय समाज के तीन गांवों के 30 लाभार्थियों को तेल निकालने वाली मशीनें वितरित की गईं। प्रत्येक गांव के 10 लाभार्थियों का एक समूह बनाया गया था। यह कार्यक्रम भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 1 से 15 नवंबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा रहा। इसका उद्देश्य जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों, संघर्ष और योगदान से प्रेरणा लेकर समाज में एकता, सम्मान एवं सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना है। मशीन वितरण का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदाय को आधुनिक कृषि तकनीक एवं लघु उद्योग से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। इन मशीनों के माध्यम से लाभार्थी स्थानीय स्तर पर तेल उत्पादन एवं प्रसंस्करण का कार्य शुरू कर सकेंगे, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और उनकी आय में वृद्धि की संभावनाएं बढ़ेंगी। कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों ने लाभार्थियों को मशीनों के संचालन, आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा कृषि आधारित स्वरोजगार की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों का समग्र विकास तभी संभव है, जब वहां के लोगों को आधुनिक तकनीक, कौशल विकास और रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं। इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र प्रसाद सिंह, अध्यक्ष, कृषि विज्ञान केंद्र, नरकटियागंज; डॉ. भूषण कुमार सिंह, पशु चिकित्सा एवं पशुपालन वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, नरकटियागंज तथा श्री गुलाब यादव, सहायक कमांडेंट, एसएसबी नरकटियागंज सहित अन्य संबंधित कर्मी एवं ग्रामीण लाभार्थी उपस्थित रहे। 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा सीमावर्ती एवं जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास, स्थानीय नागरिकों के कल्याण, कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार जनहितकारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। यह पहल स्थानीय समुदाय के साथ विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करने और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0