बिहार शिक्षा विभाग के अफसर पर EOU का कसा शिकंजा, 3 जगह रेड, पकड़ी गई 3 करोड़ से ज्यादा की काली कमाई 

Aug 20, 2026 - 17:56
बिहार शिक्षा विभाग के अफसर पर EOU का कसा शिकंजा, 3 जगह रेड, पकड़ी गई 3 करोड़ से ज्यादा की काली कमाई 

EOU Raid : पटना में बिहार ओपन स्कूलिंग एंड एग्जामिनेशन बोर्ड यानी BBOSE के डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार सिंह के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई की. आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में EOU की 15 सदस्यीय टीम ने पटना और बेगूसराय स्थित तीन ठिकानों पर एक साथ तलाशी शुरू की. छापेमारी के दौरान अजय कुमार सिंह अपने पटना स्थित आवास पर ही मौजूद थे, जहां टीम उनसे पूछताछ भी कर रही है.

EOU के अनुसार अजय कुमार सिंह पर अपनी ज्ञात आय से करीब 90.4 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. जांच एजेंसी के मुताबिक यह अवैध संपत्ति करीब 3 करोड़ 43 लाख 78 हजार 300 रुपये की है. इसी मामले में विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट मिलने के बाद यह कार्रवाई की जा रही है.

तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे तीन अलग-अलग स्थानों पर तलाशी शुरू की. पहला ठिकाना पटना के खाजपुरा स्थित आकाशवाणी रोड का चंद्रतारा भवन है, जहां अजय कुमार सिंह का आवास है.

दूसरी टीम पटना के मीठापुर स्थित बिहार ओपन स्कूलिंग एंड एग्जामिनेशन बोर्ड के कार्यालय पहुंची. वहीं तीसरी टीम ने बेगूसराय के साहिपुर कमाल थाना क्षेत्र के परोड़ गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर छापेमारी की.

तीनों स्थानों पर एक साथ दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं. टीम यह पता लगाने में जुटी है कि अधिकारी ने अपनी आय के मुकाबले इतनी बड़ी संपत्ति किस तरह अर्जित की.

घर से नोटों की गड्डियां और जमीन के कागजात मिले

छापेमारी के दौरान अजय कुमार सिंह के आवास से नोटों के बंडल मिलने की जानकारी सामने आई है. इनमें 500 रुपये की कई गड्डियां शामिल हैं. हालांकि तलाशी पूरी होने से पहले बरामद नकदी की कुल राशि की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

EOU की टीम को कई गाड़ियों और जमीन से जुड़े कागजात भी मिले हैं. इन दस्तावेजों की जांच की जा रही है. अधिकारियों का फोकस संपत्तियों की खरीद, उनके मूल्य और आय के स्रोत का मिलान करने पर है.

19 अगस्त को दर्ज हुआ था मामला

इस मामले में आर्थिक अपराध इकाई थाना में 19 अगस्त को कांड संख्या 19/26 दर्ज किया गया था. इसके बाद जांच आगे बढ़ाते हुए विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त किया गया. गुरुवार को इसी वारंट के आधार पर अजय कुमार सिंह के तीन ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की गई. छापेमारी पूरी होने के बाद ही बरामद नकदी, दस्तावेज और अन्य संपत्तियों का विस्तृत ब्योरा सामने आने की संभावना है.

फिलहाल EOU की टीम तीनों ठिकानों पर जांच में जुटी है. अधिकारियों और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की तस्वीर साफ होगी.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0