18 माह से लंबित वेतन को लेकर शिक्षकों का फूटा आक्रोश, कुलपति से वार्ता बेनतीजा, 16 सूत्रीय मांगों पर नहीं बनी सहमति, बैठक बीच में छोड़कर चले गए कुलपति; आज फिर प्रतिनिधिमंडल करेगा वार्ता, समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
गयाजी। मगध विश्वविद्यालय शिक्षक संघ की अगुवाई में शुक्रवार को मगध विश्वविद्यालय के कुलपति कार्यालय में शिक्षकों की 16 सूत्रीय मांगों को लेकर आवश्यक वार्ता हुई। दोपहर करीब दो बजे शुरू हुई बैठक में नवनियुक्त शिक्षकों के 18 माह से लंबित वेतन भुगतान समेत सेवा संपुष्टि, प्रोन्नति, एनपीएस तथा अन्य बकाया राशि के शीघ्र भुगतान की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि बिहार विश्वविद्यालय सेवा आयोग की अनुशंसा के आधार पर वर्ष 2022 से 2025 के बीच मगध विश्वविद्यालय में नियुक्त शिक्षकों का वेतन पूर्व में भुगतान किया जा रहा था, लेकिन वर्तमान प्रभारी कुलपति के कार्यभार संभालने के बाद वेतन भुगतान रोक दिया गया। शिक्षकों का आरोप है कि अनुभव जांच के नाम पर वेतन लंबित रखा गया है, जिससे उन्हें मानसिक, शारीरिक एवं आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में करीब 50 शिक्षक लगभग दो घंटे तक कुलपति कार्यालय में डटे रहे और मांगों के समाधान के लिए उचित निर्णय लेने का आग्रह किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव, कुलानुशासक, डीएसडब्ल्यू तथा जांच दल के अन्य दो सदस्य भी मौजूद रहे। शिक्षक संघ के अनुसार, वार्ता के दौरान कुलपति ने शिक्षकों की मांगों को स्वीकार नहीं किया और बैठक के बीच में ही कार्यालय से बाहर चले गए। कुलपति के अचानक बैठक छोड़कर चले जाने से शिक्षकों में रोष व्याप्त हो गया।
बैठक में मूटा के संयोजक प्रो. अंजनी कुमार, मगध विश्वविद्यालय स्नातकोत्तर शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. अनुज कुमार तरुण, गया कॉलेज शिक्षक संघ के सचिव डॉ. आनंद कुमार, जगजीवन कॉलेज शिक्षक संघ की सचिव डॉ. संगीता कुमारी समेत विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक संघों के अध्यक्ष एवं सचिव मौजूद रहे।
कुलपति के बैठक से चले जाने के बाद शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने आपस में बैठक कर आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। निर्णय लिया गया कि 12 सितंबर को शिक्षकों एवं शिक्षक संघ के पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल पुनः कुलपति से मिलकर वेतन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए वार्ता करेगा।
शिक्षक संघ ने स्पष्ट किया कि यदि इस वार्ता में भी कोई ठोस समाधान नहीं निकलता है, तो मगध विश्वविद्यालय से जुड़े सभी अंगीभूत महाविद्यालयों के शिक्षक संघों के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों को एकजुट कर आंदोलन शुरू किया जाएगा। संघ ने कहा कि शिक्षकों को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
इस अवसर पर गया कॉलेज के डॉ. मारकंडे पांडे, डॉ. कमलेश प्रसाद, डॉ. मिनहाजुद्दीन, डॉ. विजय कुमार, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. संजय कुमार, डॉ. राम किशोर पासवान, डॉ. आशा कुमारी, डॉ. हर्षवर्धन समेत कई शिक्षक उपस्थित रहे।