मुश्किलों के आगे नहीं झुकी जहान्वी, NET में देशभर में 46वां स्थान हासिल किया
हजारीबाग। विपरीत परिस्थितियों के बीच हजारीबाग की बेटी जहान्वी ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर शानदार सफलता हासिल की है। पिता के निधन के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपनी पढ़ाई जारी रखी। उनकी मेहनत का परिणाम है कि उन्होंने लाइफ साइंस विषय में NET परीक्षा उत्तीर्ण करते हुए पूरे देश में 46वां स्थान हासिल किया है। जहान्वी ने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित रामजस कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने लाइफ साइंस विषय में NET की तैयारी शुरू की। पारिवारिक परिस्थितियां कठिन होने के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा और लगातार मेहनत करती रहीं। पिता के निधन के बाद जीवन में आई चुनौतियों ने जहान्वी के हौसले को कमजोर नहीं किया। उन्होंने कठिन परिस्थितियों को अपनी कमजोरी बनने देने के बजाय उसे अपनी ताकत बनाया। नियमित अध्ययन, लगन और दृढ़ संकल्प के साथ उन्होंने सफलता की ओर कदम बढ़ाया। NET में ऑल इंडिया 46वां स्थान हासिल करने पर उनके परिवार, परिजनों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के लोगों ने जहान्वी को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। जहान्वी की सफलता उन विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है, जो विपरीत परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बीच अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और निरंतर प्रयास के बल पर कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी सफलता हासिल की जा सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

