दस दिवसीय एनसीसी प्रशिक्षण शिविर का समापन, कैडेटों ने सीखे अनुशासन और नेतृत्व के गुर

गयाजी। बाजार समिति, चंदौती में 27 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का क्लोजिंग एड्रेस के साथ समापन हुआ। समापन समारोह में 27 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल भूपेश पठानिया ने कैडेटों को संबोधित करते हुए दस दिवसीय शिविर के दौरान कराई गई विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी दी। कर्नल भूपेश पठानिया ने कहा कि शिविर में कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण के साथ अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर मिला। इस दौरान ड्रिल, मैप रीडिंग, टेंट पिचिंग, फायरिंग, आपदा प्रबंधन, फील्ड क्राफ्ट और बैटल क्राफ्ट का प्रशिक्षण दिया गया। फील्ड क्राफ्ट के माध्यम से कैडेटों को युद्ध क्षेत्र में छिपकर, देखकर और सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ने की कला सिखाई गई, जबकि बैटल क्राफ्ट के तहत युद्ध जैसी परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्रवाई करने का अभ्यास कराया गया। उन्होंने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ नेतृत्व क्षमता एवं विपरीत परिस्थितियों में बेहतर निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है। उन्होंने कैडेटों से शिविर में प्राप्त प्रशिक्षण और अनुभव को अपने जीवन में अपनाने तथा राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। वहीं कैडेटों ने कहा कि दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर उनके लिए काफी ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सैन्य गतिविधियों के साथ अनुशासन, समय प्रबंधन, टीम भावना और नेतृत्व के गुर सीखने का अवसर मिला। कैडेटों ने कहा कि शिविर में प्राप्त अनुभव उनके भविष्य में काफी उपयोगी साबित होगा। इस मौके पर सुबेदार मेजर सरदारी लाल,ऑनरेरी कैप्टन आरबी शर्मा, एएनओ मुकेश वर्मा, पुरुषोत्तम पांडे, रंजय कुमार रश्मि, बिनेश कुमार, लेफ्टिनेंट प्रो. पमपम कुमारी, सूबेदार सूरज सोरेन, सूबेदार एकदेव थापा, सीएचएम देवराज, हवलदार जगदीश, नील प्रसाद गुरुंग, अभय पाठक, सीएचएम राम किशोर कम, देशपाल, सुरेंद्र, प्रभात कुमार तिवारी, पवन, वीरेंद्र, हेड क्लर्क उमेश कुमार, संजय कुमार मंडल, संतोष कुमार झा, लक्ष्मण कुमार, धीरज कुमार व मिंटू कुमार सहित अधिकारी, प्रशिक्षण स्टाफ एवं कैडेट मौजूद रहे।

Sep 10, 2026 - 13:20
दस दिवसीय एनसीसी प्रशिक्षण शिविर का समापन, कैडेटों ने सीखे अनुशासन और नेतृत्व के गुर

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0