रांची नगर आयुक्त का औचक निरीक्षण, तुपुदाना अंचल कार्यालय में कर्मचारी मिले गायब, कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश
रांची। रांची नगर निगम की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने और आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शनिवार (7 नवंबर 2026) को धुर्वा और तुपुदाना अंचल कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति, नागरिक सुविधाओं, आवेदनों के निष्पादन और कार्यालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान तुपुदाना अंचल कार्यालय में कुछ शाखाओं के कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति अनुपस्थित पाए गए। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मियों के खिलाफ तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
रांची। रांची नगर निगम की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने और आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शनिवार (7 नवंबर 2026) को धुर्वा और तुपुदाना अंचल कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति, नागरिक सुविधाओं, आवेदनों के निष्पादन और कार्यालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान तुपुदाना अंचल कार्यालय में कुछ शाखाओं के कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति अनुपस्थित पाए गए। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मियों के खिलाफ तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
धुर्वा अंचल कार्यालय में सेवाओं की ली जानकारी
नगर आयुक्त सुशांत गौरव सबसे पहले सेक्टर-3, धुर्वा मार्केट के निकट स्थित धुर्वा अंचल कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यालय में आने वाले नागरिकों की संख्या, उपलब्ध नगर निगम सेवाओं और प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के नागरिक विभिन्न नगर निगम सेवाओं का लाभ लेने के लिए अंचल कार्यालय पहुंच रहे हैं और प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन किया जा रहा है।
इस पर नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि नागरिकों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए नगर निगम मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े। प्रत्येक आवेदन का पारदर्शी तरीके से समय पर निष्पादन किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
तुपुदाना कार्यालय में कर्मचारी मिले अनुपस्थित
इसके बाद नगर आयुक्त ने तुपुदाना स्थित अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ शाखाओं के कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति अनुपस्थित पाए गए। कर्मचारियों की इस लापरवाही पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जाहिर की और संबंधित कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अंचल कार्यालयों में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। आम लोगों को सरकारी सेवाओं के लिए कार्यालय आने पर किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से पालन करना होगा।
अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने तुपुदाना अंचल कार्यालय भवन में संचालित अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद विशेषज्ञ चिकित्सक से स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों की संख्या और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र का संचालन सुचारू रूप से करने और आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
अंचल कार्यालयों में मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने का निर्देश
नगर आयुक्त ने धुर्वा और तुपुदाना समेत सभी अंचल कार्यालयों में नागरिकों के लिए पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने भवनों से संबंधित जरूरी मरम्मत और सिविल कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा।
इसके अलावा उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अंचल कार्यालयों तक लोगों की आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में स्पष्ट दिशा-निर्देश बोर्ड लगाए जाएं। कार्यालयों में मिलने वाली नगर निगम की सेवाओं, आवेदन प्रक्रिया और कार्यालय के पते का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए।
मुख्यालय के चक्कर से मिलेगी लोगों को राहत
नगर आयुक्त ने कहा कि रांची नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को उनके नजदीक ही निगम की सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि छोटे-छोटे कामों के लिए लोगों को निगम मुख्यालय नहीं जाना पड़े। इसके लिए सभी अंचल कार्यालयों में बेहतर व्यवस्था, नियमित कर्मचारियों की उपस्थिति और आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन जरूरी है।
नगर आयुक्त के इस औचक निरीक्षण को नगर निगम की कार्यप्रणाली में जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







