झारखंड में SIR को लेकर निर्वाचन आयोग सख्त, लंबित आवेदनों का जल्द निपटारा करने का निर्देश, 2 दिन में ECINET के 82 हजार डाउनलोड

रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर निर्वाचन विभाग ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों को SIR के तहत प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, सुधार करने और स्थानांतरण से संबंधित किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए।

Nov 7, 2026 - 09:50
झारखंड में SIR को लेकर निर्वाचन आयोग सख्त, लंबित आवेदनों का जल्द निपटारा करने का निर्देश, 2 दिन में ECINET के 82 हजार डाउनलोड

रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर निर्वाचन विभाग ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों को SIR के तहत प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, सुधार करने और स्थानांतरण से संबंधित किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए।

शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों (AERO) और उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के तहत प्राप्त आवेदनों, सुनवाई की प्रक्रिया और उनके निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की गई।

फॉर्म-6 और फॉर्म-8 के आवेदनों पर तेजी लाने का निर्देश

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं का नाम जोड़ने और फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता सूची में सुधार या पता स्थानांतरित करने के लिए मिले आवेदनों का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए। विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा के दौरान जिन निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों के यहां अधिक आवेदन लंबित पाए गए, उन्हें काम में तेजी लाने की हिदायत दी गई।

बिना उचित कारण किसी मतदाता का नाम नहीं कटेगा

के. रवि कुमार ने कहा कि सुनवाई के दौरान सभी पात्र भारतीय नागरिकों को जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाए, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। वहीं, अपात्र या विदेशी नागरिकों से जुड़े मामलों में तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट एवं कारण सहित आदेश पारित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित प्रक्रिया और उचित कारण के बिना ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किसी भी मतदाता का नाम नहीं हटाया जाना चाहिए। मतदाता सूची के पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और नियमों के अनुरूप होनी चाहिए।

दो दिनों में ECINET ऐप के 82 हजार डाउनलोड

बैठक में ECINET ऐप डाउनलोड अभियान की भी समीक्षा की गई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि झारखंड में पिछले दो दिनों के भीतर ECINET ऐप के लगभग 82 हजार डाउनलोड हुए हैं। वहीं, अभियान के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में एक लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की है।

उन्होंने बताया कि एक ECINET ऐप के माध्यम से औसतन पांच लोगों को मतदाता सेवाओं का लाभ मिल सकता है। इस हिसाब से 82 हजार डाउनलोड के जरिए लगभग 4.10 लाख नागरिकों को निर्वाचन संबंधी सेवाओं से जोड़ने की संभावना है।

युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों से अभियान जारी रखने की अपील

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने झारखंड के युवाओं और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से युवा मतदाताओं को जागरूक किया जाए और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को ECINET ऐप के जरिए निर्वाचन सेवाओं से जोड़ा जाए।

उन्होंने युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों से अपील की कि ECINET ऐप डाउनलोड और मतदाता जागरूकता अभियान को लगातार जारी रखें, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक निर्वाचन संबंधी सुविधाएं पहुंच सकें।

इस समीक्षा बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर सहित राज्य के सभी जिलों के निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी और उप निर्वाचन पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0