सेनुवरिया गांव में एसएसबी ने लगाया निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 300 ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

पुरुष, महिलाओं और बच्चों को जांच के बाद वितरित की गईं दवाइयां, ग्रामीणों को जलजनित बीमारियों से बचाव के प्रति किया गया जागरूक

Nov 7, 2026 - 08:59
सेनुवरिया गांव में एसएसबी ने लगाया निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 300 ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

गयाजी। पश्चिम चंपारण जिले के सिकटा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत जीवंत (वाइब्रेंट) ग्राम सेनुवरिया में 47वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की ‘एच’ कंपनी की ओर से 5 नवंबर 2026, गुरुवार को निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कमांडेंट (मेडिकल) डॉ. निशिकांत ने कुल 300 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया। इनमें 77 पुरुष, 86 महिलाएं और 137 बच्चे शामिल थे। जांच एवं उपचार के बाद सभी जरूरतमंदों के बीच निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। चिकित्सा शिविर के दौरान ग्रामीणों की मधुमेह एवं रक्तचाप की जांच की गई। इसके अलावा चर्म रोग, सर्दी, खांसी, बुखार, आंखों की समस्या, घुटनों एवं कमर दर्द सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। साथ ही ग्रामीणों को मलेरिया, टाइफाइड और डेंगू जैसी बीमारियों के कारण, लक्षण एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। लोगों को दूषित पानी पीने से बचने तथा स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने की सलाह दी गई। इस अवसर पर डॉ. निशिकांत, कमांडेंट (मेडिकल) ने कहा कि क्षेत्र में हाल के दिनों में आए चक्रवात के कारण हो रही बारिश को देखते हुए ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों को समय-समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए एसएसबी निरंतर जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। कार्यक्रम में सहायक कमांडेंट श्री अंकित कुमार, सहायक उपनिरीक्षक रमेश चंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी सुधीर कुमार, आ/सा पप्पू कुमार, आ/सा आलोक कुमार श्रीवास्तव, आ/सा हिमांशु राठी एवं आ/सा रामविनय पासवान उपस्थित रहे। इसके अलावा सेनुवरिया ग्राम के मुखिया तबरेज आलम, उत्क्रमित मध्य विद्यालय सेनुवरिया के प्रधानाध्यापक हर्ष कुमार सिंह, नवल किशोर कुशवाहा, मृत्युंजय पांडेय एवं नीतू कुमारी सहित अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने एसएसबी की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित करने की मांग की। शिविर के सफल आयोजन से ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0