रंगोलियों के रंगों से सजा ग्रीन फील्ड ई-स्कूल, विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

दीपावली के महत्व, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित त्योहार मनाने का दिया संदेश, गीत-संगीत से उत्सव का माहौल हुआ खुशनुमा

Nov 7, 2026 - 08:50
रंगोलियों के रंगों से सजा ग्रीन फील्ड ई-स्कूल, विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

गयाजी । गया फतेहपुर रोड स्थित हनुमान नगर में दीपावली के पावन अवसर पर ग्रीन फील्ड ई-स्कूल में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आकर्षक और रंग-बिरंगी रंगोलियां बनाकर अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक अमय कुमार मौर्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए दीपावली के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को ज्ञान, सकारात्मकता और अच्छे संस्कारों के माध्यम से समाज में खुशियों का प्रकाश फैलाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, सुधांशु सर एवं राजू सर ने दीपावली के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी। साहिल सर ने पटाखों से होने वाले वायु एवं ध्वनि प्रदूषण तथा मनुष्य और पशु-पक्षियों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाने की अपील की। कार्यक्रम में संगीत शिक्षिका प्रीति मैम ने मधुर गीतों की प्रस्तुति देकर उत्सव के माहौल को और भी आनंदमय बना दिया। अंत में दीपावली एवं छठ पूजा के अवसर पर विद्यालय में दस दिनों के अवकाश की घोषणा की गई। साथ ही सभी विद्यार्थियों को त्योहारों की शुभकामनाएं दी गईं। इस आयोजन के माध्यम से विद्यालय ने शिक्षा के साथ रचनात्मकता, सांस्कृतिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के संस्कार विकसित करने का संदेश दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0