69वीं अॉल इंडिया इंग्लिश टीचर्स कॉन्फ्रेंस की तैयारी में जुटा एमयू
26 नवंबर 2026 से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित होने जा रही इस कॉन्फ्रेंस में 'नैरेटिव्स अॉफ चेंज: एक्सप्लोरिंग लिटरेचर, लैंग्वेज एण्ड सोसायटी' विषय पर होंगे व्याख्यान एवं पढ़े जाएंगे शोधपत्र
बोधगया। मगध विश्वविद्यालय के 'पीजी डिपॉर्टमेंट अॉफ इंग्लिश एण्ड रिसर्च सेंटर' तथा 'असोसिएशन फॉर इंग्लिश स्टडीज अॉफ इंडिया' (एईएसआई) के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 26 नवंबर 2026 से 28 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय 69वीं अॉल इंडिया इंग्लिश टीचर्स कॉन्फ्रेंस आयोजित होने जा रही है। इस कॉन्फ्रेंस में देश के विभिन्न भागों से अंग्रेजी भाषा एवं साहित्य के विद्वान प्रोफेसर्स, डेलीगेट्स एवं रिसर्चर्स जुटेंगे। कॉन्फ्रेंस का विषय "नैरेटिव्स अॉफ चेंज: एक्सप्लोरिंग लिटरेचर, लैंग्वेज एण्ड सोसायटी" है, जिसपर आमंत्रित विशेषज्ञों एवं प्रोफेसरों के व्याख्यान सुनने को मिलेंगे तथा पंजीकृत शोधार्थी अपने शोध-पत्र पढ़ेंगे। मगध विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष तथा एईएसआई के स्थानीय सचिव प्रो. डॉ. नीरज कुमार के कुशल नेतृत्व व अनुभवी देखरेख में तथा प्रोफेसर सुशील कुमार के समन्वयन में आयोजन को सफल बनाने की दिशा में तैयारियाँ प्रारंभ हो चुकी हैं। एमयू के स्नातकोत्तर अंग्रेजी विभाग में प्रो. डॉ. नीरज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित एक बैठक में, जिसमें एमयू के विभिन्न अंगीभूत कॉलेजों के अंग्रेजी विभाग के फैकल्टीज की भी उपस्थिति रही, इस संबंध में विभिन्न महत्वपूर्ण समितियाँ बना ली गयी हैं। कॉन्फ्रेंस में प्रतिभागिता के लिए गत 10 अक्टूबर तक कुल 275 से अधिक एब्सट्रैक्ट्स ऑफ़ रिसर्च पेपर्स प्राप्त हो चुके हैं। इस संदर्भ में प्रो. डॉ. नीरज कुमार ने बताया कि कॉन्फ्रेंस में प्लेनरी सेशन के वक्ताओं में उस्मानिया विश्वविद्यालय, हैदराबाद, तेलंगाना के अंग्रेजी के पूर्व प्रोफेसर डॉ. ए. करुणाकर, वसंत कन्या महाविद्यालय, कमच्छा, वाराणसी, उत्तर प्रदेश की अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर निहारिका लाल, दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (मानद विश्वविद्यालय), दयालबाग, आगरा, उत्तर प्रदेश के अंग्रेजी विभाग के प्रोफेसर एवं अध्यक्ष डॉ. जे. के. वर्मा, दून विश्वविद्यालय, देहरादून, उत्तराखंड की अंग्रेजी विभागाध्यक्ष तथा भाषा संकाय की अध्यक्ष प्रोफेसर चेतना पोखरियाल, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ, उत्तर प्रदेश के प्रोफेसर एवं पूर्व अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. विकास शर्मा, वीमेंस कॉलेज, कलकत्ता, पश्चिम बंगाल की प्रधानाचार्या डॉ. अनुपमा चौधरी, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी, उत्तर प्रदेश, के अंग्रेजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. बनिब्रत महंत, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक (मध्य प्रदेश) के अंग्रेजी विभाग की प्रोफेसर डॉ. अभिलाषा एवं कॉलेज ऑफ कॉमर्स, आर्ट्स एंड साइंस, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना, बिहार के अंग्रेजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सैयद अफ़रोज़ अशरफ़ी को आमंत्रित किया गया है। कॉन्फ्रेंस में निर्दिष्ट विषय पर आमंत्रित सभी विद्वानों एवं विशेषज्ञों के विचारों को सुनना अत्यंत ज्ञानवर्द्धक होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





