पटना के गौरीचक में दिनदहाड़े 1.93 लाख रुपये की लूट, विरोध करने पर ऑटो चालक का पिस्टल से फोड़ा सिर

पटना: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। गौरीचक थाना क्षेत्र के नाद घाट के पास शुक्रवार दोपहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर मालवाहक ऑटो चालक से 1,93,880 रुपये लूट लिये। विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल से चालक के सिर पर वार कर उसे घायल कर दिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गये। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।

Oct 17, 2026 - 16:02
पटना के गौरीचक में दिनदहाड़े 1.93 लाख रुपये की लूट, विरोध करने पर ऑटो चालक का पिस्टल से फोड़ा सिर

पटना: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। गौरीचक थाना क्षेत्र के नाद घाट के पास शुक्रवार दोपहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर मालवाहक ऑटो चालक से 1,93,880 रुपये लूट लिये। विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल से चालक के सिर पर वार कर उसे घायल कर दिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गये। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।

डिलीवरी के बाद मिले थे 1.93 लाख रुपये

जानकारी के अनुसार, घायल चालक की पहचान वीरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। वह नेचर फ्रेश रिफाइंड ऑयल कंपनी के लिए मालवाहक ऑटो चलाते हैं। शुक्रवार को वह महिंद्रा अल्फा ऑटो (BR01GQ 5409) से पुनपुन बाजार में सामान की डिलीवरी देने गये थे। डिलीवरी के बाद दुकानदार ने उन्हें 1,93,880 रुपये का भुगतान किया था।

चालक ने दोपहर करीब 1:30 बजे अपने मालिक चिराग कुमार को फोन कर रकम मिलने की जानकारी दी थी। इसके बाद वह ऑटो लेकर गौरीचक लौट रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 2:15 बजे नाद घाट के पास मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उनका वाहन रोक लिया।

विरोध करने पर पिस्टल से सिर पर किया हमला

आरोप है कि बदमाशों ने चालक को हथियार दिखाकर रुपये छीनने की कोशिश की। जब वीरेंद्र कुमार ने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने पिस्टल से उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में चालक घायल हो गया। इसके बाद अपराधियों ने ऑटो का शीशा तोड़ दिया और डिलीवरी से मिले 1,93,880 रुपये लेकर फरार हो गये।

घटना के बाद चालक ने फोन कर अपने मालिक चिराग कुमार को वारदात की जानकारी दी। इसके बाद डायल 112 पुलिस टीम को सूचना दी गई। चालक को गौरीचक थाने ले जाया गया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद इलाज के लिए संपतचक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

दस वर्षों से कंपनी में काम कर रहे हैं चालक

कंपनी के मालिक चिराग कुमार ने बताया कि वीरेंद्र कुमार पिछले करीब दस वर्षों से उनके यहां मालवाहक ऑटो चलाते हैं। उनके पिता भी पहले कंपनी में ऑटो चलाते थे।

चिराग कुमार के मुताबिक, पुनपुन बाजार में सामान की डिलीवरी के बाद चालक ने दुकानदार से उनकी फोन पर बात कराई थी और भुगतान की पुष्टि भी हुई थी। इसके करीब आधे घंटे बाद चालक का फोन आया। वह रोते हुए अपने साथ हुई मारपीट और रुपये लूटे जाने की जानकारी दे रहा था।

सूचना मिलने के बाद चिराग कुमार ने चालक को पुलिस को बुलाने की सलाह दी और खुद घटनास्थल के लिए रवाना हो गये। बाद में उन्हें पता चला कि चालक गौरीचक थाने पहुंच चुका है, जिसके बाद वह भी थाने पहुंचे।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना के बाद इलाके में कारोबारियों और मालवाहक वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। गौरीचक थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है।

पुलिस चालक को साथ लेकर घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अब पुलिस के सामने तीनों बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और लूटी गई रकम बरामद करने की चुनौती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0