करंट से झुलसी छात्रा का हाथ काटने की आशंका, कार्रवाई की मांग पर स्कूल के बाहर 3 घंटे प्रदर्शन
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय, शाहबाजपुर में करंट से झुलसी सातवीं कक्षा की छात्रा संध्या कुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है। हाथ में संक्रमण बढ़ने के कारण उसका हाथ काटने की आशंका जताई जा रही है। बेटी की हालत और मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजनों व स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को स्कूल के बाहर करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क जाम कर टायर जलाए गए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की गई। सूचना मिलने पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) मौके पर पहुंचे और जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई करने के साथ छात्रा के इलाज, पढ़ाई और भविष्य के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय, शाहबाजपुर में करंट से झुलसी सातवीं कक्षा की छात्रा संध्या कुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है। हाथ में संक्रमण बढ़ने के कारण उसका हाथ काटने की आशंका जताई जा रही है। बेटी की हालत और मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजनों व स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को स्कूल के बाहर करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क जाम कर टायर जलाए गए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की गई। सूचना मिलने पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) मौके पर पहुंचे और जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई करने के साथ छात्रा के इलाज, पढ़ाई और भविष्य के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आई थीं तीन बच्चियां
जानकारी के अनुसार, बीते 9 अक्टूबर को स्कूल में 11 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आने से तीन बच्चियां झुलस गई थीं। इनमें सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 वर्षीय संध्या कुमारी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। उसका इलाज श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में चल रहा है।
परिजनों का कहना है कि संध्या के हाथ में संक्रमण बढ़ गया है। उनके अनुसार, डॉक्टरों ने हाथ काटने की आशंका जताई है। बेटी की गंभीर हालत से परिवार परेशान है और प्रशासन से बेहतर इलाज के साथ उसके भविष्य की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहा है।
सुबह 9:30 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन, सड़क जाम कर जलाए टायर
छात्रा के परिजनों और स्थानीय लोगों ने शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे स्कूल के बाहर प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर टायर जलाए और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान स्कूल का गेट बंद रहा, जिसके कारण विद्यार्थियों की छुट्टी में भी देरी हुई। मौके पर मौजूद लोग स्कूल में बिजली के तारों की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे थे। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए और पीड़ित छात्रा को उचित सहायता उपलब्ध कराई जाए।
दोपहर करीब 12 बजे के बाद डीपीओ मौके पर पहुंचे। परिजनों से बातचीत और कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद स्कूल का गेट खोला गया और स्थिति सामान्य करने की कोशिश की गई।
पिता बोले- बेटी का हाथ कट गया तो भविष्य कैसे सुरक्षित होगा?
संध्या के पिता राजकुमार गुप्ता ने कहा कि उनकी 13 वर्षीय बेटी सातवीं कक्षा की छात्रा है। स्कूल में बिजली के तार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। उन्होंने बेटी के इलाज को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि अगर उसका हाथ कट गया तो भविष्य की पढ़ाई और जीवन पर गंभीर असर पड़ सकता है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बच्ची के बेहतर इलाज की व्यवस्था की जाए। साथ ही उसकी पढ़ाई जारी रखने और भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए भी मदद दी जाए।
वहीं, छात्रा की मां अनु देवी ने भी बेटी की हालत पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि परिवार को इलाज और देखभाल के साथ-साथ बच्ची के भविष्य के लिए भी ठोस सहायता की जरूरत है।
डीपीओ ने जांच और दोषियों पर कार्रवाई का दिया भरोसा
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से लिखित शिकायत लेने और पूरे मामले की जांच कराने की बात कही। डीपीओ ने आश्वासन दिया कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्कूल में बिजली के तारों की स्थिति का जायजा लेने के साथ छात्रा के इलाज और भविष्य के लिए हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया। प्रशासन की ओर से मामले की जांच किए जाने की बात कही गई है।
पुलिस की बातचीत के बाद हटा जाम
अहियापुर थानाध्यक्ष शरत कुमार ने बताया कि करंट से झुलसी बच्ची के समुचित इलाज की मांग को लेकर परिजनों ने सड़क जाम किया था। उन्होंने कहा कि परिजनों की मांगों पर संवेदनशीलता से विचार किया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की बातचीत के बाद जाम हटा लिया गया।
फिलहाल छात्रा का इलाज जारी है। परिवार को उम्मीद है कि प्रशासन मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करेगा और संध्या के इलाज, शिक्षा तथा भविष्य के लिए आवश्यक सहायता सुनिश्चित करेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







