गया कॉलेज में NSS ने चलाया स्वच्छता अभियान, किया वृक्षारोपण
प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र ने पौधारोपण कर किया शुभारंभ, युवाओं से पर्यावरण संरक्षण और पौधों की देखभाल की अपील
गयाजी। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), गया कॉलेज के तत्वावधान में स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर NSS के स्वयंसेवकों ने कॉलेज के गेट नंबर-2 के समीप स्वच्छता अभियान चलाकर परिसर के आसपास सफाई की और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। पेड़-पौधे न केवल पर्यावरण को संतुलित बनाए रखते हैं, बल्कि हमें शुद्ध हवा और स्वस्थ जीवन भी प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण के साथ-साथ पौधों को सुरक्षित रखना भी जरूरी है। कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्रा ने स्वयंसेवकों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक सेवा, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम में गया एथलेटिक समिति के स्पोर्ट्स इंचार्ज अंजनी कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. सोमनाथ ठाकुर एवं एनसीसी पदाधिकारी डॉ. संजय तिवारी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इस अभियान में NSS के स्वयंसेवक अमन राज चौरसिया, शौर्य प्रभास, अरमान कुमार, आलोक कुमार, अमरजीत कुमार, शुभम कुमार, सौरव कुमार, आर्यन कुमार, प्रियांशु कुमार, दिव्यांशु कुमार, कुणाल कुमार, सुरभि कुमारी, जैस्मीन कुमारी, पेंशी कुमारी, रोली कुमारी, नीतू कुमारी, स्वीटी कुमारी एवं ज्योति कुमारी ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता अपनाने, पर्यावरण को सुरक्षित रखने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





