140 साल पुरानी परंपरा निभाने गोंदिया से गयाजी पहुंचा चांगरोड़िया परिवार

17 दिवसीय पिंडदान कार्यक्रम के बीच होटल सिटी सूर्य में धूमधाम से मनाई पितृ दिवाली, पूजा-अर्चना के बाद हुई आतिशबाजी

Oct 9, 2026 - 18:47
140 साल पुरानी परंपरा निभाने गोंदिया से गयाजी पहुंचा चांगरोड़िया परिवार

गयाजी। विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेले में अपने पूर्वजों के मोक्ष की कामना को लेकर महाराष्ट्र के गोंदिया से चांगरोड़िया परिवार गयाजी पहुंचा है। परिवार की ओर से 17 दिनों तक पिंडदान और श्राद्ध कर्मकांड किया जा रहा है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि गया जी में पिंडदान करने की उनकी परंपरा करीब 140 वर्ष पुरानी है। परिवार प्रत्येक दस वर्ष में विशेष रूप से गयाजी आकर श्राद्ध एवं पिंडदान करता है। परिवार के सदस्यों के अनुसार, चांगरोड़िया परिवार की गयाजी यात्रा की शुरुआत वर्ष 1886 में हुई थी। उस समय परिवार के पूर्वज हरियाणा से पैदल यात्रा कर गयाजी पहुंचे थे। यह यात्रा करीब 45 दिनों में पूरी हुई थी। तभी से गया जी में पिंडदान और पूर्वजों के प्रति श्रद्धा अर्पित करने की यह परंपरा पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही है। इसी परंपरा की अगली कड़ी में गुरुवार को गयाजी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित होटल सिटी सूर्य में चांगरोड़िया परिवार की ओर से पितृ दिवाली का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर पूर्वजों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान आतिशबाजी भी की गई, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय और उत्सवी हो गया। परिवार के सदस्यों ने कहा कि पितृपक्ष में गयाजी आकर पूर्वजों का पिंडदान करना उनके लिए केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि पुश्तैनी परंपरा, आस्था और परिवार की जड़ों से जुड़ने का अवसर है। 140 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को नई पीढ़ी भी पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ आगे बढ़ा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0