ग्रीन फील्ड इंग्लिश स्कूल में मौखिक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

डॉक्टरों ने विद्यार्थियों को दांतों की नियमित देखभाल और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के दिए सुझाव

Oct 9, 2026 - 18:51
ग्रीन फील्ड इंग्लिश स्कूल में मौखिक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

गयाजी। ग्रीन फील्ड इंग्लिश स्कूल में विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यूनिवर्सल डेंटल क्लिनिक के सहयोग से मौखिक स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। विद्यालय के स्कूल ऑडिटोरियम में आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों के दांतों एवं मसूड़ों की जांच कर उन्हें मौखिक स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में यूनिवर्सल डेंटल क्लिनिक के मुख्य चिकित्सक डॉ. फहाद एवं सहायक चिकित्सक डॉ. साइमा ने विद्यार्थियों के दांतों और मसूड़ों की जांच की। चिकित्सकों ने बच्चों को सही तरीके से ब्रश करने, नियमित रूप से दांतों की सफाई करने तथा अत्यधिक मीठे पदार्थों और जंक फूड के सेवन से बचने की सलाह दी। साथ ही दांतों में किसी प्रकार की समस्या होने पर समय पर दंत चिकित्सक से परामर्श लेने के महत्व को भी समझाया। इस दौरान चिकित्सकों ने बताया कि दांतों एवं मसूड़ों की उचित देखभाल केवल सुंदर मुस्कान के लिए ही नहीं, बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए भी आवश्यक है। विद्यार्थियों ने दंत स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका चिकित्सकों ने सरल एवं सहज भाषा में उत्तर दिया। शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों में कम उम्र से ही स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करना था। विद्यालय के निदेशक श्री अमय मौर्य ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास केवल किताबी शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का भी विशेष महत्व है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बच्चों को स्वस्थ आदतें अपनाने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित करते हैं। वहीं, हेड कोऑर्डिनेटर श्री आर.के. वर्मा ने कहा कि मौखिक स्वास्थ्य समग्र स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बच्चों में बचपन से ही दांतों की नियमित देखभाल एवं स्वच्छता की आदत विकसित करना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से चिकित्सकों के सुझावों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा परिवार के सदस्यों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। विद्यालय प्रबंधन ने इस उपयोगी पहल के लिए डॉ. फहाद, डॉ. साइमा एवं यूनिवर्सल डेंटल क्लिनिक की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को नियमित मौखिक स्वच्छता बनाए रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संदेश के साथ हुआ। यह शिविर विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0