मगध विश्वविद्यालय में 26 से 28 नवंबर तक होगा 69वां अखिल भारतीय अंग्रेजी शिक्षक सम्मेलन, साहित्य, भाषा और समाज में बदलाव की भूमिका पर देशभर के शिक्षाविद् करेंगे विचार-विमर्श

मगध विश्वविद्यालय, बोधगया में आगामी 26 से 28 नवंबर तक 69वें अखिल भारतीय अंग्रेजी शिक्षक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।

Oct 17, 2026 - 17:45
मगध विश्वविद्यालय में 26 से 28 नवंबर तक होगा 69वां अखिल भारतीय अंग्रेजी शिक्षक सम्मेलन, साहित्य, भाषा और समाज में बदलाव की भूमिका पर देशभर के शिक्षाविद् करेंगे विचार-विमर्श

बोधगया। मगध विश्वविद्यालय, बोधगया में आगामी 26 से 28 नवंबर तक 69वें अखिल भारतीय अंग्रेजी शिक्षक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। भारतीय अंग्रेजी अध्ययन संघ के तत्वावधान में आयोजित यह तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन विश्वविद्यालय के अंग्रेजी स्नातकोत्तर विभाग एवं अनुसंधान केंद्र में होगा। सम्मेलन का मुख्य विषय ‘परिवर्तन के आख्यान : साहित्य, भाषा और समाज का अन्वेषण’ रखा गया है। इसके अंतर्गत साहित्य, भाषा और संस्कृति के माध्यम से सामाजिक बदलाव, पहचान, स्मृति, वैश्वीकरण, प्रौद्योगिकी तथा समकालीन मानवीय अनुभवों पर चर्चा की जाएगी। इस सम्मेलन में अंग्रेजी भाषा एवं साहित्य के प्राध्यापकों, शोधार्थियों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों और विद्यार्थियों के शामिल होने की अपेक्षा है। इसमें साहित्यिक अध्ययन, भाषाई अनुसंधान, साहित्यिक आलोचना तथा बदलते सामाजिक परिवेश में साहित्य और भाषा की भूमिका पर विचारों का आदान-प्रदान होगा। सम्मेलन का आयोजन मगध विश्वविद्यालय के अंग्रेजी स्नातकोत्तर विभाग एवं अनुसंधान केंद्र द्वारा किया जा रहा है। प्रोफेसर डॉ. नीरज कुमार सम्मेलन के आयोजन सचिव हैं। आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारतीय अंग्रेजी अध्ययन संघ की सदस्यता अनिवार्य होगी। संघ के वार्षिक, अल्पकालिक अथवा आजीवन सदस्य इसमें सहभागिता कर सकेंगे। यह सम्मेलन साहित्य, भाषा और समाज के पारस्परिक संबंधों को समझने तथा अंग्रेजी अध्ययन के क्षेत्र में शैक्षणिक संवाद को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। बदलते वैश्विक परिवेश में साहित्य की प्रासंगिकता और सामाजिक परिवर्तन में उसकी भूमिका पर भी व्यापक चर्चा की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0