संजय झा से मुलाकात के बाद चर्चा में आईं पूर्व IPS काम्या मिश्रा, क्या JDU से शुरू करेंगी सियासी पारी?

पटना: बिहार की राजनीति में पूर्व आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा की एंट्री को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा से उनकी मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद सवाल उठने लगे हैं कि क्या काम्या मिश्रा अब पुलिस सेवा के बाद राजनीति में नई पारी शुरू करने जा रही हैं? क्या वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) का दामन थाम सकती हैं?

Nov 7, 2026 - 13:18

दरअसल, शुक्रवार को पूर्व आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा पटना स्थित संजय झा के आवास पहुंचीं। इस दौरान दोनों के बीच मुलाकात हुई। खास बात यह रही कि मुलाकात की तस्वीरें दोनों ने अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कीं। काम्या मिश्रा ने संजय झा से मुलाकात को लेकर बिहार को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान दिलाने के उनके प्रयासों की सराहना की।

वहीं, संजय झा ने इस मुलाकात को दीपावली की शुभकामनाओं के आदान-प्रदान से जुड़ी शिष्टाचार भेंट बताया। हालांकि, तस्वीर सामने आने के बाद बिहार की राजनीति में उनके संभावित राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल न तो काम्या मिश्रा ने जेडीयू में शामिल होने की घोषणा की है और न ही पार्टी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी दी गई है।

22 साल की उम्र में पास की थी UPSC परीक्षा

काम्या मिश्रा की पहचान बिहार की चर्चित पूर्व आईपीएस अधिकारियों में होती है। वह 2019 बैच की आईपीएस अधिकारी रही हैं। उन्होंने महज 22 साल की उम्र में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा पास की थी और देशभर में 172वीं रैंक हासिल की थी। पुलिस सेवा के दौरान अपने सख्त कार्यशैली और चर्चित मामलों की जांच को लेकर वह सुर्खियों में रही थीं।

बिहार में दरभंगा की ग्रामीण एसपी रहते हुए उन्हें वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी हत्याकांड की जांच की जिम्मेदारी मिली थी। इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की जांच के दौरान उनकी भूमिका काफी चर्चा में रही थी।

IPS की नौकरी छोड़ अब संभाल रही हैं कारोबार

करीब छह साल तक पुलिस सेवा में रहने के बाद काम्या मिश्रा ने अगस्त 2024 में आईपीएस पद से इस्तीफा दे दिया था। बाद में मार्च 2025 में उनका इस्तीफा स्वीकार किया गया। उन्होंने नौकरी छोड़ने के पीछे पारिवारिक और निजी जिम्मेदारियों को वजह बताया था।

आईपीएस सेवा से अलग होने के बाद वह अपने पारिवारिक कारोबार से जुड़ गईं। फिलहाल वह जीएम आयरन एंड स्टील कंपनी की निदेशक हैं। उनके पति अवधेश दीक्षित भी आईपीएस अधिकारी हैं और बिहार में पुलिस सेवा में तैनात हैं।

क्या राजनीति में मिलेगी नई जिम्मेदारी?

काम्या मिश्रा की संजय झा से मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब बिहार की राजनीति में नए चेहरों और राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं जारी हैं। उनकी प्रशासनिक पृष्ठभूमि, बिहार में पुलिस सेवा का अनुभव और संजय झा के साथ मुलाकात ने राजनीतिक अटकलों को और तेज कर दिया है।

हालांकि, केवल एक मुलाकात के आधार पर उनके जेडीयू में शामिल होने या चुनावी राजनीति में उतरने का निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि क्या काम्या मिश्रा आने वाले दिनों में अपनी राजनीतिक भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा करती हैं या फिर यह मुलाकात सिर्फ दीपावली की शुभकामनाओं तक ही सीमित रहती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0