स्मैक तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करना पड़ा भारी! जहानाबाद में टाइगर मोबाइल जवान की पीट-पीटकर हत्या, दरधा नदी में मिला शव

जहानाबाद। बिहार के जहानाबाद जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने वाले पुलिस जवान की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नगर थाना में तैनात टाइगर मोबाइल के जवान धनेश्वर कुमार का शव शनिवार की सुबह काको थाना क्षेत्र के नदियांवा गांव के समीप दरधा नदी से बरामद किया गया। जवान पिछले दो दिनों से लापता थे। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे स्मैक तस्करी और सूखे नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अपराधियों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है।

Nov 7, 2026 - 15:02
Nov 7, 2026 - 15:04

जानकारी के अनुसार, जवान धनेश्वर कुमार मूल रूप से भोजपुर जिले के आरा के रहने वाले थे। वह नगर थाना में टाइगर मोबाइल जवान के रूप में तैनात थे। पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के मुताबिक, जवान दो दिन पहले एसएस कॉलेज के समीप ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान बेलागंज इलाके से एक तस्कर जहानाबाद में स्मैक बेचने पहुंचा था। टाइगर मोबाइल की टीम ने कार्रवाई करते हुए स्मैक के अवैध लेन-देन को पकड़ा और तस्कर को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।

बताया जा रहा है कि मामले का सत्यापन करने और नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए जवान कुछ समय तक उसी इलाके में रुके हुए थे। इसी दौरान आरोप है कि स्मैक के अवैध कारोबार से जुड़े अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को दरधा नदी में फेंक दिया गया।

दो दिन बाद नदी से बरामद हुआ जवान का शव

शनिवार की सुबह काको थाना क्षेत्र के नदियांवा गांव के पास दरधा नदी में जवान का शव मिलने की सूचना से पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने जवान का हथियार और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मगध रेंज के आईजी विकास वैभव और जहानाबाद के एसपी कोटा किरण कुमार सहित कई वरीय पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

पांच संदिग्ध गिरफ्तार, स्मैक तस्करी नेटवर्क की जांच तेज

पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस हत्याकांड के पीछे की पूरी साजिश और स्मैक तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

एसपी ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस धंधे से जुड़े लोगों का डेटाबेस तैयार किया जा रहा है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। एक पुलिस जवान की इस तरह हत्या किए जाने से जिले में कानून-व्यवस्था और नशे के अवैध कारोबार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में इस हत्याकांड की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य आरोपियों का कब तक खुलासा होता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0