गया कॉलेज में ‘इंस्पेक्टर मातादीन चाँद पर’ का सफल मंचन, व्यंग्य के जरिए पुलिस व्यवस्था पर किया प्रहार
कला भारती के कलाकारों ने जीवंत अभिनय से दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध, तालियों से गूंजा सी.वी. रमन सभागार
गयाजी। गया कॉलेज की नाट्य संस्था कला भारती के कलाकारों ने 23 नवंबर को सी.वी. रमन सभागार में प्रसिद्ध साहित्यकार हरिशंकर परसाई की चर्चित व्यंग्य रचना ‘इंस्पेक्टर मातादीन चाँद पर’ का शानदार मंचन किया। डॉ. पंकज भारती के निर्देशन में प्रस्तुत इस नाटक ने दर्शकों को मनोरंजन के साथ सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्था की खामियों पर गंभीरता से सोचने के लिए प्रेरित किया। कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय पर दर्शकों ने कई बार तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। हरिशंकर परसाई की यह व्यंग्य रचना पुलिस व्यवस्था और सरकारी तंत्र की कार्यशैली पर तीखा प्रहार करती है। नाटक में इंस्पेक्टर मातादीन को चाँद पर भेजा जाता है, जहां वह भारतीय पुलिस की कार्यप्रणाली लागू करता है। इसके माध्यम से दिखाया गया कि किस तरह जांच के नाम पर निर्दोष लोगों को फंसाया जा सकता है और सच्चाई को दबा दिया जाता है। नाटक ने कानून के रखवालों की जवाबदेही, ईमानदारी और निष्पक्षता की आवश्यकता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक में मोहम्मद जाहिद ने इंस्पेक्टर मातादीन की मुख्य भूमिका निभाई। वहीं मोहम्मद आफताब सूत्रधार, नंद किशोर विधायक, आकांक्षा कुमारी आईजी, दिव्या भारती एसआई, प्रभात कुमार और आलिया नाज हवलदार तथा शौर्य प्रभाष कुमार ने ड्राइवर की भूमिका निभाई। प्रकाश एवं संगीत संयोजन की जिम्मेदारी शाम्भवी कुमारी ने संभाली। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतीश सिंह चंद्र सहित कई प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। नाटक के सफल मंचन ने कलाकारों की प्रतिभा और रंगमंच के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




