कुप्रथाएं सामाजिक कोढ़ है, इसे जड़ से मिटाना जरूरी : किरण सिंह

Jun 6, 2024 - 11:54
कुप्रथाएं सामाजिक कोढ़ है, इसे जड़ से मिटाना जरूरी : किरण सिंह

रांची। गैर सरकारी स्वयंसेवी संस्था सिटीजन एक्शन ग्रुप की अध्यक्ष किरण सिंह ने कहा है कि समाज में व्याप्त कुप्रथाओं से सामाजिक विकास बाधित होता है। अंधविश्वास और कुरीतियों के वशीभूत होकर लोग ऐसी गलतियां कर बैठते हैं,जिससे सभ्य समाज के माथे पर कलंक का टीका लग जाता है। उन्होंने कहा कि आए दिन डायन बिसाही के आरोप में महिला उत्पीड़न और हिंसा की खबरें अक्सर देखने-सुनने को मिलती हैं। प्रथाओं के कारण समाज का आर्थिक और सामाजिक विकास पूरी तरह से अवरुद्ध हो जाता है। सरकारी प्रयासों के अलावा गैर सरकारी स्तर पर भी कुरीतियां दूर करने की दिशा में पहल किया जाना जरूरी है तभी सामाजिक परिवर्तन का सपना साकार हो सकेगा। श्रीमती सिंह ने कहा कि विशेषकर झारखंड के सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों में प्रचलित कुप्रथाओं की वजह से ग्रामीण क्षेत्रों का अपेक्षित विकास नहीं हो पा रहा है। कुरीतियों का शिकार होकर लोग अंधविश्वास से जकड़े रहते हैं। इस वजह से उनका विकास बाधित होता है। उन्होंने कहा कि कुप्रथाएं दूर कर ही हम सभ्य समाज के नव निर्माण और सामाजिक, सांस्कृतिक व आर्थिक विकास की दिशा में अग्रसर हो सकते हैं। समाज की समृद्धि, सामाजिक परिवर्तन और सशक्तिकरण, महिलाओं के उत्थान सहित सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है कि हम कुरीतियों को दूर करने का संकल्प लें। श्रीमती सिंह ने कहा कि इस दिशा में सिटीजन एक्शन ग्रुप महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। संस्था की ओर से विभिन्न जगहों पर जागरूकता अभियान के जरिए कुप्रथाएं दूर करने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0