दिल्ली में 27 साल बाद खिला कमल, भाजपा ने ऐसे तोड़ा केजरी "वॉल"
भाजपा ने आम आदमी पार्टी को दिल्ली में जीत का चौका लगाने से रोक दिया। अब तक के रुझान बता रहे हैं कि भाजपा यहां 27 साल बाद सत्ता में वापसी करती दिख रही है। 27 साल पहले भाजपा की सुषमा स्वराज 52 दिन के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रही थीं।

दिल्ली की सभी 70 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। भाजपा को बहुमत मिल गया है। जंगपुरा सीट से आप के मनीष सिसोदिया हार गए हैं। नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल को भी हार मिली है। सीएम आतिशी जीत गई हैं।
दिल्ली के विधानसभा चुनाव इस बार आम आदमी पार्टी के लिए नाक का सवाल थे। पिछले वर्ष ही अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद छोड़कर आतिशी को कमान सौंप दी थी। भाजपा इस बार प्रचार के दौरान ज्यादा मुखर थी। भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से निकली पार्टी पर घोटाले के गंभीर आरोप लगे। वीआईपी कल्चर को नकारने वाले अरविंद केजरीवाल शीशमहल के मुद्दे पर ही घिर गए।