स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार की जरूरत : गोपाल कृष्ण झा

May 5, 2021 - 05:28
स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार की जरूरत : गोपाल कृष्ण झा

रांची। शहर के जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल कृष्ण झा ने वैश्विक महामारी कोरोना के बढ़ते प्रकोप पर चिंता जताते हुए कहा है कि स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार जरूरी है। उन्होंने कहा कि कोरोना के तेज संक्रमण के बीच लोगों की जान जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इस बार कोरोना ने भयावह और जानलेवा रूप अख्तियार कर लिया है। इस वैश्विक महामारी के कहर से सबसे ज्यादा अस्पतालों में ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की कमी खली है। कोविड-19 की दूसरी लहर ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में चरमराई हुई व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। अस्पतालों में न तो पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन की व्यवस्था है और ना ही वेंटीलेटर व बेड की व्यवस्था है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की भी कमी है।
श्री झा ने कहा कि कोरोना के इस लहर में सबसे दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि इलाज के अभाव में रोज काफी संख्या में अस्पतालों की चौखट पर कोरोना संक्रमित मरीज दम तोड़ रहे हैं। मरीजों को ऑक्सीजन उपलब्ध कराने में अस्पताल सक्षम नहीं हो पा रहे हैं। मरीजों के परिजनों को अपने प्रयास से सिलेंडर खरीद कर उसे रिफिलिंग कराने के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। एक ओर अस्पतालों में जीवन रक्षक दवाओं की कमी है, वहीं, दूसरी ओर उनकी कालाबाजारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में राजधानी रांची को छोड़कर शेष सभी जिलों में सरकारी अस्पतालों में वर्तमान समय में वेंटिलेटर और ऑक्सीजन की सुविधा बेहतर नहीं है। हर रोज मरीज ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की कमी की वजह से दम तोड़ रहे हैं।
लोग इलाज के नाम पर निजी अस्पतालों में ठगे जा रहे हैं। मरीजों के परिजन परेशान और हैरान होकर इधर-उधर भटकने के लिए विवश हैं।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सरकार को सकारात्मक पहल करने की आवश्यकता है। इस समस्या का स्थाई हल ढूंढना भी जरूरी है। लोगों की परेशानियां दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। स्वास्थ सेवाओं को बेहतर करते हुए सरकार को ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
उन्होंने लोगों से कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन अवश्य कराने और इसके मद्देनजर जारी सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0