जेडीयू में शामिल हुए निशांत कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष ने दिलाई पार्टी की सदस्यता, ललन सिंह भी रहे मौजूद

निशांत कुमार ने शुभ मुहूर्त में रविवार को औपचारिक रूप से जेडीयू की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

जेडीयू में शामिल हुए निशांत कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष ने दिलाई पार्टी की सदस्यता, ललन सिंह भी रहे मौजूद

Patna : बिहार की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने शुभ मुहूर्त में रविवार को औपचारिक रूप से जेडीयू की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

पटना स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई, जबकि वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने उन्हें गमछा पहनाकर स्वागत किया।

पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत कुमार ने नेताओं का आशीर्वाद लिया और कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह पार्टी के एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगे और संगठन को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।

निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए जो काम किए हैं, उन्हें आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी वह निभाना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्यसभा जाने का फैसला उनके पिता का है और जनता से अपील की कि वह नीतीश कुमार पर अपना भरोसा बनाए रखें।

इस मौके पर पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने “नीतीश कुमार जिंदाबाद” और “निशांत कुमार जिंदाबाद” के नारे लगाए। कुछ कार्यकर्ताओं ने “बिहार का CM कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो” के भी नारे लगाए, जिससे कार्यक्रम का माहौल काफी उत्साहपूर्ण हो गया।