CM हेमंत सोरेन ने नेमरा में विकास कार्यों का लिया जायजा, तालाब का भी किया निरीक्षण, बाहा पूजा के लिए अधिकारियों को दिए कई निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में तालाबों का संरक्षण बेहद जरूरी है क्योंकि इससे पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ लोगों की आजीविका भी जुड़ी होती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं।
RAMGARH : झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बाहा पूजा में शामिल होने अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंच गये हैं। इस दौरान उन्होंने गुरुवार को गांव में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ तालाब का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने तालाब की सफाई, जल संरक्षण और उसके सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
नेमरा में विकास कार्यों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में तालाबों का संरक्षण बेहद जरूरी है क्योंकि इससे पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ लोगों की आजीविका भी जुड़ी होती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं। इस मौके पर जिले के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
सामुदायिक भवन भी गये सीएम सोरेन
तालाब निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री गांव के सामुदायिक भवन पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में बाहा पूजा के आयोजन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार की शाम ही नेमरा पहुंच गए थे। पूजा को लेकर उनके आवास पर मेहमानों का आना-जाना जारी है। वहीं, पूर्व विधायक सीता सोरेन भी नेमरा पहुंचीं और तैयारियों का जायजा लिया।
सुरक्षा व्यवस्था सख्त
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। गांव और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि अतिथियों के लिए सामुदायिक भवन में बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बीएसएनएल टावर के पास से यातायात नियंत्रित किया जा रहा है।
बाहा पूजा को लेकर नेमरा गांव में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रशासन और स्थानीय लोग मिलकर इस पारंपरिक पर्व को शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से आयोजित करने की तैयारी में जुटे हैं।



NewsDesk



