एचईसी के कामगारों की समस्याएं जल्द होगी दूर: रमेंद्र कुशवाहा

एचईसी के कामगारों की समस्याएं जल्द होगी दूर: रमेंद्र कुशवाहा

रांची। एचईसी के कामगारों की समस्याओं को लेकर श्रमिक संगठन जनता मजदूर यूनियन की ओर से आगामी अप्रैल माह से आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में यूनियन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेन्द्र कुशवाहा ने बताया कि मजदूरों के वेतन पुनरीक्षण की मांग को लेकर के विगत कई वर्षों से प्रबंधन से अनुरोध किया जा रहा है। लेकिन एचईसी प्रबंधन इस मुद्दे पर मौन है। श्री कुशवाहा ने कहा कि एचईसी में कार्यरत कामगारों के बकाया (एरियर) भुगतान यथाशीघ्र करने के लिए प्रबंधन पर दबाव बनाया जाएगा। कामगारों की समस्याओं को लेकर यूनियन लगातार आवाज उठाती रही है। वेतन पुनरीक्षण सहित अन्य समस्याओं को लेकर कामगारों और सप्लाई मजदूरों को एकजुट करने में यूनियन की ओर से प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि एचइसी प्रबंधन कामगारों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेता है, तो अप्रैल माह से आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मांगों के संदर्भ में सभी कामगारों को एकजुट रहने की जरूरत है। कामगारों में फूट होने के कारण ही एक जनवरी 2017 से वेतन पुनरीक्षण का मामला लंबित है। वहीं, यूनियन के महामंत्री एसजे मुखर्जी ने कहा कि जनता मजदूर यूनियन एचईसी के मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए सतत प्रयासरत है। यूनियन की नई कार्यकारिणी समिति का गठन विधिवत कर लिया गया है। इस कार्यकारिणी समिति में बतौर सदस्य 25 लोगों को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि एचईसी के तीनों प्लांट में भी कामगारों की कमेटी बनाई गई है और उन्हें शाॅप प्रभारी बनाया गया है। श्री मुखर्जी ने कहा कि जनता मजदूर यूनियन की नई कार्यकारिणी समिति में इस बार एचईसी में कार्यरत मजदूरों को ही तरजीह दी गई है। कमेटी नई ऊर्जा के साथ कामगारों की समस्याओं को लेकर संघर्षरत रहेगी। उन्होंने कहा कि जनता मजदूर यूनियन की ओर से मजदूरों की समस्याओं का निष्पादन यथाशीघ्र करने के लिए एचईसी प्रबंधन पर दबाव बनाया जा रहा है। जल्द ही इसका सकारात्मक परिणाम सामने आएगा।