कोलेस्ट्रॉल की नई गाइडलाइन जारी, जानें कितना होना चाहिए नॉर्मल लेवल, किस उम्र में कराएं जांच

अब तक लोग 30 साल के बाद कोलेस्ट्रॉल की जांच कराते थे लेकिन अब बच्चों और युवाओं पर भी ध्यान दिया गया है। जिनके परिवार में दिल की बीमारी की हिस्ट्री रही है उन्हें 9-10 साल के बच्चों का कोलेस्ट्रॉल भी चेक करने की सलाह दी गई है।

Apr 6, 2026 - 18:30
कोलेस्ट्रॉल की नई गाइडलाइन जारी, जानें कितना होना चाहिए नॉर्मल लेवल, किस उम्र में कराएं जांच

NEWS DESK : आज की तेज रफ्तार जिंदगी में दिल की बीमारियां तेजी से बढ़ती जा रही हैं। अब हार्ट अटैक सिर्फ बुजुर्गों तक सीमित नहीं रहा बल्कि युवा और यहां तक कि बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह खराब लाइफस्टाइल, तनाव, हाई ब्लड प्रेशर और बढ़ता कोलेस्ट्रॉल माना जा रहा है।

विशेषज्ञों के अनुसार शरीर में बढ़ा हुआ खराब कोलेस्ट्रॉल धीरे-धीरे नसों में जमने लगता है, जिससे ब्लॉकेज पैदा होता है और हार्ट अटैक या स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। इसी बढ़ते खतरे को देखते हुए अमेरिकी हार्ट एसोसिएशन और अमेरिकन कॉलेज ऑफ कॉर्डियोलॉजी ने कोलेस्ट्रॉल से जुड़ी नई गाइडलाइंस जारी की हैं।

अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन की नई गाइडलाइंस में ये साफ कहा गया है कि अगर आपकी दिनचर्या खराब है और लगातार बैठे रहने का काम है तो कोलेस्ट्रॉल का ध्यान रखना जरूरी है। इसके लिए कम उम्र में ही उचित कदम उठाए जाने चाहिए। पहले समस्या सामने आने पर इलाज होता था, लेकिन अब शुरुआत में ही इस खतरे का पता लगाया जा सकता है।

कोलेस्ट्रॉल लेवल को लेकर नई गाइडलाइन

अमेरिकन कॉलेज ऑफ कार्डियोलॉजी के अनुसार अब सिर्फ कुछ सालों का खतरा नहीं बल्कि पूरी जिंदगी का जोखिम देखकर सही इलाज दिया जाएगा। इसके लिए खास टूल प्रिवेंट कैलकुलेटर पेश किया गया है। इससे व्यक्ति की उम्र, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और स्मोकिंग की आदतों के आधार पर अगले 10 से 30 साल में हार्ट अटैक की बीमारी के खतरे के बारे में पता लगाया जाएगा। इससे कोलेस्ट्रॉल को लो, बॉर्डरलाइन, इंटरमीडिएट और हाई रिस्क कैटेगरी में जांचकर रिस्क का पता लगाया जाएगा।

कितना होना चाहिए कोलेस्ट्रॉल

नई गाइडलाइंस के हिसाब से अगर आपको कोई बीमारी नहीं है तो LDL 100 mg/dL से कम होना चाहिए। जिन लोगों को कोई बीमारी है या खतरा है तो उनका कोलेस्ट्रॉल 70 से नीचे होना चाहिए। वहीं जिन्हें पहले हार्ट अटैक आ चुका है उन्हें बहुत ज्यादा खतरा है। ऐसे लोगों का कोलेस्ट्रॉल LDL 55 mg/dL से भी कम होना चाहिए। इससे दिल को सुरक्षित रखा जा सकता है। 

किस उम्र में करानी चाहिए कोलस्ट्रॉल की जांच

अब तक लोग 30 साल के बाद कोलेस्ट्रॉल की जांच कराते थे लेकिन अब बच्चों और युवाओं पर भी ध्यान दिया गया है। जिनके परिवार में दिल की बीमारी की हिस्ट्री रही है उन्हें 9-10 साल के बच्चों का कोलेस्ट्रॉल भी चेक करने की सलाह दी गई है। इससे दिल की बीमारियों के खतरे को कम किया जा सकता है।

डिस्क्लेमर : यह जानकारी केवल सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी निर्णय से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0