सीएम हेमंत सोरेन ने शूटिंग रेंज का लिया जायजा, बदहाल स्थिति पर जताई नाराजगी, निशाना भी लगाते आए नजर

Jul 6, 2026 - 18:47
सीएम हेमंत सोरेन ने शूटिंग रेंज का लिया जायजा, बदहाल स्थिति पर जताई नाराजगी, निशाना भी लगाते आए नजर

RANCHI : खेलगांव रांची स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज परिसर का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया. सीएम ने खिलाड़ियों से उनका हालचाल जाना. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भवन में लगे फायर सेफ्टी की भी जानकारी ली. इसके बाद मुख्यमंत्री खुद निशाना लगाते हुए भी नजर आए.

प्रशिक्षण की भी ली जानकारी

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शूटिंग रेंज परिसर की आधारभूत संरचनाओं के रख-रखाव, शूटिंग उपकरणों, खिलाड़ियों की सुरक्षा मानक, प्रदान की जा रही खेल सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री शूटिंग रेंज परिसर के रख रखाव की बदहाल स्थिति पर कड़ी नाराजगी भी व्यक्त की. 

उन्होंने शूटिंग रेंज में खिलाड़ियों को दी जा रही प्रशिक्षण, सुरक्षा मानकों, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता एवं खिलाड़ियों के अभ्यास की व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं का बारिकी से अवलोकन कर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की और कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

शूटिंग परिसर की वर्तमान स्थिति पर हुए असंतुष्ट

मुख्यमंत्री ने 10 मीटर, 25 मीटर एवं 50 मीटर शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण के दौरान शूटिंग परिसर की वर्तमान स्थिति पर असंतोष जताते हुए चिंता जताई. मौके पर विभागीय मंत्री सुदिव्य सोनू भी मौजूद रहे.

राज्य के खिलाड़ियों नेअंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया मान

इस मौके पर हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है. राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड का गौरव बढ़ाया है. ऐसे में यहां के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण एवं अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य की उभरती खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाई जाए.

प्रतिभाशाली खिलाड़ियोंको बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश

ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल की जाए,ताकि वे अपनी खेल प्रतिभा का पूर्ण विकास कर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व कर सके. उन्होंने कहा कि खेल प्रतिस्पर्धा में भाग लेने के साथ-साथ युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास का भी आधार है.

शूटिंग रेंज में समग्र विकाससुनिश्चित की जाए

राज्य सरकार खेल अवसंरचना के विकास,खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है. निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शूटिंग रेंज के समग्र विकास के लिए आवश्यक कार्यो की कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित की जाए.

खिलाड़ियों को किसी प्रकार की नहीं होनी चाहिए असुविधा-सीएम

सीएम ने कहा कि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएं. राज्य में खेलों के विकास हेतु दीर्घकालिक एवं प्रभावी रणनीति के साथ कार्य किेए जाए, ताकि राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के अनुरूप यहां के शूटिंग रेंज में प्रशिक्षण का माहौल तैयार हो.

सीएम ने निरीक्षण के दौरान शूटिंग राइफल से निशान भी साधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां का संसाधन खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिस्पर्धा में भाग लेने के स्तर का है. निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं दुरुस्त होने से खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेंगे. मुख्यमंत्री ने यहां के उपकरणों का आवश्यक सुधार करने एवं बेहतर रखरखाव का भी निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान शूटिंग राइफल से निशान भी साधा.

मुख्यमंत्री ने शूटिंग संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की

मुख्यमंत्री ने वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत कर शूटिंग संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की. उन्होंने फायर इक्सटिंग्विशर एवं फायर हाइड्रेट के मॉक ड्रिल से संबंधित जानकारी प्राप्त करते हुए समय-समय पर मॉक ड्रिल कराने,सीसीटीवी से निगरानी की व्यवस्था को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया.

इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेल मंत्री सुदिव्य सोन,खेल सचिव मुकेश कुमार और खेल निदेशक छवि रंजन मौजूद रहे.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0