संथाली प्रश्न-पत्र में सिलेबस से बाहर के सवालों से आक्रोशित छात्रों ने किया प्रदर्शन, दी रांची में आंदोलन की चेतावनी

Aug 29, 2026 - 17:00
संथाली प्रश्न-पत्र में सिलेबस से बाहर के सवालों से आक्रोशित छात्रों ने किया प्रदर्शन, दी रांची में आंदोलन की चेतावनी

DHANBAD : संथाली भाषा के प्रश्नपत्र में कथित तौर पर पाठ्यक्रम से इतर सवाल पूछे जाने को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश सामने आया है. धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं जुटे और परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जमकर नारेबाजी की.

अभ्यर्थियों का आरोप है कि संथाली भाषा के पेपर में ऐसे प्रश्न शामिल किए गए, जिनका निर्धारित पाठ्यक्रम से कोई सीधा संबंध नहीं था. इससे परीक्षा की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. प्रदर्शन में शामिल छात्र नेता आशीष अनुराग ने कहा कि अभ्यर्थी लंबे समय से निर्धारित पाठ्यक्रम के आधार पर परीक्षा की तैयारी कर रहे थे. लेकिन प्रश्नपत्र में सिलेबस से अलग विषयों से सवाल पूछे गए. उनका आरोप है कि संथाली भाषा के प्रश्नपत्र में संस्कृत साहित्य से संबंधित सवाल भी शामिल कर दिए गए.

विषय से जुड़े होने चाहिए थे सवाल: छात्र

छात्र ने एक सवाल का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रश्नपत्र में 'महुआ को संस्कृत में क्या कहते हैं' जैसे सवाल पूछे गए. अभ्यर्थियों का कहना है कि संथाली के प्रश्नपत्र में भाषा, साहित्य, लिपि और संस्कृति से जुड़े निर्धारित विषयों पर ही सवाल होने चाहिए थे. ऐसे में दूसरे विषय से संबंधित प्रश्नों को शामिल करना परीक्षा प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़ा करता है.

छात्रों ने कहा कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों ने महीनों तक निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार मेहनत की है. अगर प्रश्नपत्र तैयार करते समय सिलेबस का पालन नहीं किया जाएगा, तो इसका सीधा असर युवाओं के भविष्य पर पड़ेगा. प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की जांच कराने और अभ्यर्थियों की शिकायत पर उचित कार्रवाई की मांग की है.

समाधान नहीं होने पर दी आंदोलन की चेतावनी

धनबाद में प्रदर्शन के बाद अभ्यर्थियों ने आंदोलन को राज्यस्तर पर ले जाने की चेतावनी दी है. छात्रों का कहना है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया, तो 2 सितंबर को रांची की बापू वाटिका में जुटकर बड़े आंदोलन का ऐलान किया जाएगा. अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि वे परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुरूप प्रश्नपत्र तैयार किए जाने की मांग को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0