NEET पेपर लीक पर बिहार में उग्र प्रदर्शन जारी, बक्सर-समस्तीपुर समेत 8 जिलों में छात्रों का हंगामा, मुजफ्फरपुर में इंटरनेट बंद, पटना में हाई अलर्ट

Jul 24, 2026 - 17:44
NEET पेपर लीक पर बिहार में उग्र प्रदर्शन जारी, बक्सर-समस्तीपुर समेत 8 जिलों में छात्रों का हंगामा, मुजफ्फरपुर में इंटरनेट बंद, पटना में हाई अलर्ट

PATNA : NEET पेपर लीक और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बिहार में शुक्रवार को भी छात्रों का प्रदर्शन जारी है। बक्सर, सुपौल, जमुई और समस्तीपुर में छात्र पोस्टर-बैनर लेकर सड़कों पर उतरे हैं। वैशाली में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़क पर उतरकर नारेबाजी कर रहे हैं। इस दौरान पीएम मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका गया। समस्तीपुर-मधुबनी में भी प्रदर्शन हो रहे है।

खगड़िया और दरभंगा में हजारों की संख्या में छात्र सड़कों पर उतरकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। मुजफ्फरपुर में छात्रों के समर्थन में स्थानीय नेता जुलूस निकाल रहे हैं। वहीं, मुजफ्फरपुर में प्रदर्शन को देखते हुए 24 जुलाई दोपहर 12:30 बजे से 26 जुलाई सुबह 10:00 बजे तक टाउन-1 और टाउन-2 पुलिस सब-डिवीजन क्षेत्रों में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।

फेसबुक, एक्स, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम समेत 24 सोशल नेटवर्किंग और मैसेजिंग सेवाओं पर रोक रहेगी। किसी भी प्रकार के संदेश, फोटो, वीडियो या अन्य डिजिटल सामग्री के प्रसारण पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, सरकारी कार्यों के लिए उपयोग होने वाली अधिकृत इंटरनेट सेवाओं को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है।

पटना में प्रदर्शन को देखते हुए विधायक गाड़ियों से झंडे उतारकर कार्यवाही में पहुंचे। विधानसभा, रेलवे स्टेशन की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। भागलपुर में पुलिस ड्रोन से निगरानी कर रही है। पटना के जेपी गोलंबर पर वाटर कैनन के साथ 200 जवानों की तैनाती की गई है। 

पटना पुलिस की ओर से रैपिड एक्शन शुरू किया गया है। पटना डीएम, एसएसपी समेत सभी थाने के थानेदार इसमें मौजूद हैं। सड़क पर दिख रहे छात्रों को रोक कर पूछताछ हो रही है। शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0