महिला उत्पीड़न के खिलाफ एनएसयूआई ने किया विरोध प्रदर्शन
पीड़ित महिला को न्याय देने की मांग की

रांची। एबीवीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.सुब्बैया द्वारा एक महिला के साथ दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाते हुए इस घटना के विरोध में झारखंड प्रदेश एनएसयूआई के उपाध्यक्ष इंदरजीत सिंह के नेतृत्व में डोरंडा कॉलेज के सामने विरोध प्रदर्शन किया गया। मौके पर एनएसयूआई के उपाध्यक्ष इंदरजीत सिंह ने कहा कि एबीवीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुब्बैया द्वारा महिला का उत्पीड़न और अभद्रता करने के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। उन्होंने पीड़ित महिला के साथ न्याय करने की मांग की। पीड़ित 62 वर्ष की बुजुर्ग महिला का आरोप है कि एबीवीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.सुब्बैया ने उनके घर के दरवाजे पर मूत्र त्याग किया और सर्जिकल मास्क फेंके। मामले में एबीवीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इंदरजीत सिंह ने कहा कि जिस देश में महिला को देवी का दर्जा दिया जाता है, उस देश के एक छात्र संगठन का राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला के साथ दुर्व्यवहार करता है। इससे ज्यादा शर्म की बात कुछ नहीं हो सकती। मौके पर एनएसयूआई की राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक आरुषि वंदना ने कहा कि एबीवीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जो कृत्य किया, वह बेहद शर्मनाक और घटिया हरकत है। झारखंड एनएसयूआई कि राष्ट्रीय प्रतिनिधि नुशरत परवीन ने कहा कि एक छात्र संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पदधारी द्वारा ऐसी हरकत करना गंदी मानसिकता का परिचायक है। जिला महासचिव अब्दुल राबनावज ने कहा कि जो महिलाओं का सम्मान नहीं कर सकता, वो इस देश व समाज के लिए कलंक हैं। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई हमेशा से महिलाओं के सम्मान की लड़ाई लड़ती आ रही है। इस अवसर पर केशव,आकाश रजवार,अब्दुल राबनवाज, प्रणव राज, नंदिनी गुप्ता, श्रेया, स्मिता एंथोनी, हिमांशु कुमार, अमन यादव, आकाश कुमार, कमरान, विक्की सहित अन्य मौजूद थे।