जियो पेमेंट्स बैंक ने NH-48 के मनोहरपुरा प्लाजा पर शुरू की नई बैरियर फ्री टोलिंग सिस्टम

Jul 2, 2026 - 19:24
जियो पेमेंट्स बैंक ने NH-48 के मनोहरपुरा प्लाजा पर शुरू की नई बैरियर फ्री टोलिंग सिस्टम

MUMBAI : डिजिटल पेमेंट्स बैंक जियो पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (JPBL) ने राजस्थान में नेशनल हाईवे 48 (NH 48) पर मौजूद मनोहरपुरा टोल प्लाजा पर एक नई शुरुआत की घोषणा की है। बैंक ने यहां FASTag और नंबर प्लेट की ऑटोमैटिक पहचान पर आधारित 'मल्टी-लेन फ्री फ्लो' (MLFF) प्रोजेक्ट के तहत टोलिंग सिस्टम शुरू किया है। इस नई व्यवस्था से वाहनों को टोल प्लाजा पर रुके बिना आसानी से गुजरने की सुविधा मिलेगी। जियो पेमेंट्स बैंक लिमिटेड की बात करें तो यह जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (JFSL) की सहायक कंपनी है। 

यह पहल अक्टूबर 2025 में इंडियन हाईवेज मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड (IHMCL) द्वारा जियो पेमेंट्स बैंक को दिए गए कॉन्ट्रैक्ट के बाद शुरू हुई है। इस कॉन्ट्रैक्ट के तहत बैंक को भारत की पायलट मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोल परियोजना के तहत गुरुग्राम और जयपुर के बीच स्थित शाहजहांपुर और मनोहरपुरा टोल प्लाजा पर टोल प्रोसेसिंग का जिम्मा सौंपा गया था। 

मनोहरपुरा टोल प्लाजा पर इस सर्विस की शुरुआत जियो पेमेंट्स बैंक के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। यह दिखाता है कि बैंक स्मार्ट और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी वित्तीय सेवाओं को तेजी से लागू कर रहा है। 

दिल्ली-जयपुर के व्यस्त मार्ग पर NH-48 के महत्वपूर्ण हिस्से में स्थित मनोहरपुरा टोल प्लाजा अब पूरी तरह चालू हो चुका है। इसे इस तरह तैयार किया गया है कि यह हर साल करीब 88 लाख वाहनों का टोल बिना किसी रुकावट के आसानी से संभाल सके। 

इस प्रमुख मार्ग पर जियो पेमेंट्स बैंक शाहजहांपुर से मनोहरपुरा तक करीब 100 किलोमीटर और मनोहरपुरा से दौलतपुर तक 34 किलोमीटर लंबे जुड़े हुए कॉरिडोर पर टोल संचालन का प्रबंधन कर रहा है। 

मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग सिस्टम भारत के नेशनल हाईवे पर बिना बैरियर और बिना रुके सफर की दिशा में एक बड़ा बदलाव है। इसमें ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन और रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन जैसी आधुनिक टेक्निक का इस्तेमाल किया जाता है। इनकी मदद से वाहन की पहचान, उसकी कैटेगरी तय करने और टोल शुल्क वसूलने का काम वाहन की सामान्य रफ्तार में ही हो जाता है। इससे टोल प्लाजा पर रुकने या गति कम करने की जरूरत नहीं पड़ती। 

मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग सिस्टम लागू होने से कई बड़े आर्थिक फायदे होने की उम्मीद है। इससे यात्रा का समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी, वाहनों का बेहतर उपयोग हो सकेगा और माल ढुलाई अधिक तेज और आसान होगी। इन सुधारों से लॉजिस्टिक लागत घटने की उम्मीद है। साथ ही, इससे देश की प्रतिस्पर्धी क्षमता बढ़ेगी और पर्यावरण के लिहाज से भी बेहतर व सस्टेनेबल ग्रोथ को बढ़ावा मिलेगा। 

जियो पेमेंट्स बैंक लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर एंड सीईओ विनोद ईश्वरन ने कहा कि, "मनोहरपुरा टोल प्लाजा पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग सर्विस की शुरुआत जियो पेमेंट्स बैंक के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे भारत के डिजिटल मोबिलिटी पेमेंट सिस्टम में कंपनी की भूमिका और मजबूत होगी। जैसे-जैसे देश के हाईवे तेजी से डिजिटल हो रहे हैं, हमारा लक्ष्य ऐसी तकनीक आधारित टोलिंग सिस्टम उपलब्ध कराना है, जिससे लोगों की यात्रा आसान हो और भारत के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिले। 

उनका कहना है कि, "बैरियर-फ्री टोलिंग सिस्टम भारत में ट्रांसपोर्ट सिस्टम के संचालन और उससे होने वाली आय के तरीके में बड़ा बदलाव लाएगी। इससे वाहन बिना रुके आसानी से चल सकेंगे, ट्रैफिक जाम कम होगा, ईंधन की बचत होगी और माल ढुलाई अधिक तेज व कुशल बनेगी। इसके परिणामस्वरूप परिवहन लागत घटेगी और देश की उत्पादकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।" 

इस परियोजना को शुरू से लेकर पूरी तरह लागू करने और उसके संचालन के लिए जियो पेमेंट्स बैंक ने जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के साथ मिलकर काम किया है। इस परियोजना के लागू होने की पूरी जिम्मेदारी जियो प्लेटफॉर्म्स ने मुख्य प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में संभाली है, जबकि टेक्सिडेल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने इसके लिए जरूरी मुख्य सॉफ्टवेयर सिस्टम और आधुनिक तकनीकी उपकरण उपलब्ध कराए हैं। 

जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एंड बिजनेस यूनिट हेड - ट्रांसपोर्टेशन, ट्रैफिक एंड टोलिंग, ने कहा कि, "भारत में मल्टी लेन फ्री फ्लो टोलिंग की शुरुआत सिर्फ एक नई तकनीक अपनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के ट्रांसपोर्ट सिस्टम में एक बड़ा बदलाव है। यह भारत सरकार के उस विजन के अनुरूप है, जिसके तहत देश में डिजिटल रूप से जुड़ा, अधिक कुशल और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी परिवहन नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। 

उनका कहना है कि, "भारत अब बैरियर फ्री टोलिंग और भविष्य में ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम आधारित 'जितना इस्तेमाल, उतना भुगतान' (पे पर यूज) रोड चार्जिंग की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में डिजिटल कनेक्टिविटी, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर, इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम और सुरक्षित पेमेंट प्लेटफॉर्म की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। जियो पेमेंट्स बैंक, जियो के देशभर में फैले डिजिटल नेटवर्क, क्लाउड और एज कंप्यूटिंग, एआई आधारित प्लेटफॉर्म और नई पीढ़ी के डिवाइस की ताकत के साथ हम इस बदलाव को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।“ 

इस उपलब्धि के बाद जियो पेमेंट्स बैंक और इससे जुड़ा पूरा सिस्टम देशभर में बैरियर फ्री टोलिंग सिस्टम लागू करने और भविष्य में जीएनएसएस आधारित रोड प्राइसिंग जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह तैयार है। इससे भारत के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलेगी और देशभर में ज्यादा सुरक्षित, स्मार्ट, पर्यावरण के अनुकूल और अधिक कुशल परिवहन नेटवर्क विकसित करने में मदद मिलेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0